शिमला। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 29 अप्रैल की अपडेट के अनुसार कुल्लू के भुंतर और ऊना में लू (Heat Wave) चली है। वहीं, रिकांगपिओ में 54 किलोमीटर प्रति घंटा और कोटखाई में 44 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चली हैं। 29 यानी आज और 30 अप्रैल को भी ऊना और कुल्लू जिलों में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई गई है।
अपडेट के अनुसार 1 मई, 2025 से हिमाचल में मौसम बिगड़ सकता है। 1, 2 और 3 मई के लिए सभी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने तथा तेज हवा चलने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी है।
हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटा रह सकती है। 3 मई को पूरे हिमाचल में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है। 4 को मैदानी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अनेक और ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। 5 मई को मैदानी और मध्य पर्वतीय कुछ और उच्च पर्वतीय अनेक स्थानों पर बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की अपडेट के अनुसार 2 मई को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।
अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, उसके बाद अगले 4-5 दिन के दौरान राज्यों के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।