शिमला। हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पूर्व परिवहन मंत्री केवल सिंह पठानिया को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शोकोद्गार प्रस्ताव सदन में रखा।
उन्होंने कहा कि केवल सिंह पठानिया 1972, 1990 और 1993 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे। राज्य सरकार में 1995 से 1998 तक परिवहन मंत्री रहे। उनकी समाज सेवा में विशेष रूचि थी। यह सदन उनकी प्रदेश और समाज के लिए की गई सेवाओं की भूरी-भूरी प्रशंसा करता है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा विधायक दल की ओर से उनकी दुखद मृत्यु पर संवेदनाएं व्यक्त की। कृषि मंत्री सहित अन्य सदस्य ने भी अपनी संवेदनाएं प्रकट की।
वहीं, नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का ने भी केवल सिंह पठानिया को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने केवल सिंह पठानिया से जुड़ा एक किस्सा भी बताया। रणवीर निक्का ने कहा कि एक किस्सा आज भी मेरे ध्यान में है। जब मैं चुनाव में उतरा तो मैं उनसे मिला। उन्होंने अपनी जिंदगी का एक किस्सा मुझे सुनाया।
वे सत महाजन के ड्राइवर के तौर पर उनकी गाड़ी चलाते थे और राजनीति में लगातार उनके साथ रहते थे। जब उन्होंने आजाद चुनाव लड़ा तो ड्राइवर के तौर पर दिल्ली से वापस आते हुए संत महाजन जी ने एक बात कही थी कि एक ड्राइवर मेरे खिलाफ किस तरह चुनाव लड़ेगा।
रणवीर निक्का के अनुसार केवल सिंह पठानिया ने बताया था कि वह बात मेरे दिल में लग गई और उस बात को मैंने अपने मन में ठान लिया कि एक बार तो मैं जरूर विधायक बनूंगा। उन्होंने लगातार नूरपुर में मेहनत करके सत महाजन जी के विरूद्ध चुनाव जीता और लगातार चार बार चुनाव लड़ा।