राकेश चंदेल/बिलासपुर। गांव बाडा के आंगनबाड़ी केंद्र व शिव मंदिर परिसर में शुक्रवार को आयुष विभाग की ओर से एक विशेष आउटरीच स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का नेतृत्व आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना शारदा ने किया, जिसमें स्थानीय लोगों को गैर संचारी रोगों (NCD) के प्रति जागरूक किया गया और आयुर्वेद के सिद्धांतों से रोगों के उपचार की जानकारी दी गई।
इस दौरान ग्रामीणों की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें भी की गईं, जिनमें हीमोग्लोबिन (Hb), रैंडम ब्लड शुगर (RBS), विडाल व गर्भावस्था परीक्षण शामिल रहे। 
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग कर उनके संपर्क नंबर भी दर्ज किए गए, जबकि एक मरीज को सीबीएनएटी जांच के लिए रेफर किया गया। शिविर में उच्च जोखिम वाले मरीजों की भी पहचान की गई।
डॉ. अर्चना शारदा ने अपने दो पूर्व विद्यार्थियों के साथ रोगानुसार योगासन करवाते हुए योग सत्र भी आयोजित किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा धात्री माताओं और नवजात शिशुओं को शिविर में बुलाया गया, जहां ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ का संदेश दिया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 57 लोगों ने भाग लिया और सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एएएम टीम बेहल के सदस्य, एपीओ नीरज, महिला मंडल, किसान मंडल तथा पूर्व कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विभाग का आभार जताया।