धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के मुख्यालय धर्मशाला स्थित चीलगाड़ी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
यहां वार्ड नंबर-6 में घर के समीप सड़क किनारे 27 वर्षीय युवती का अधजला शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही धर्मशाला पुलिस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान 27 वर्षीय शबनम (पुत्री चरण दास), निवासी वार्ड नंबर-6 चीलगाड़ी, धर्मशाला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शबनम शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे अपने घर से बाहर निकली थी।
कुछ ही देर बाद उसके माता-पिता और आसपास के लोगों ने घर के नजदीक दिखाई देने वाले एक स्थान पर आग की लपटें उठती देखीं।
जब परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तो शबनम आग की चपेट में थी। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से आग बुझाकर उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शबनम मूल रूप से करेरी गांव की रहने वाली थी और वर्ष 2023 से अपने माता-पिता, तीन बहनों और एक भाई के साथ चीलगाड़ी में रह रही थी।
वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के साथ-साथ अपनी बहन के साथ चंडीगढ़ की एक निजी कंपनी में काम भी कर रही थी। बताया जा रहा है कि करीब 10 से 11 दिन पहले ही वह चंडीगढ़ से अपने घर लौटी थी।
घटना की सूचना सुबह करीब 7:00 बजे धर्मशाला पुलिस थाना को दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल माता-पिता घटना के कारणों को लेकर अनजान हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चंडीगढ़ से मृतका की बहन के पहुंचने और उसका बयान दर्ज होने के बाद मामले से जुड़े कई अहम सुराग सामने आ सकते हैं। पुलिस आत्महत्या सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से तफ्तीश कर रही है।