नूरपुर। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने बुधवार को जिला कांगड़ा के नूरपुर उपमंडल में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस चौकी सदवां के प्रभारी सब इंस्पेक्टर भजन जरयाल को चौकी के भीतर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी सब इंस्पेक्टर पर एक मामले की रद्दीकरण रिपोर्ट (Cancellation Report) तैयार करने में मदद करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। इस संबंध में नूरपुर तहसील के निवासी गौरव सिंह ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके खिलाफ दर्ज एक मामले में रद्दीकरण रिपोर्ट तैयार करने के बदले चौकी प्रभारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शुरुआती दौर में सब इंस्पेक्टर ने 30 हजार रुपये की मांग की थी, लेकिन बातचीत के बाद 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायत प्राप्त होने के बाद सतर्कता ब्यूरो की टीम ने गोपनीय रूप से आरोपों का सत्यापन किया। आरोपों की पुष्टि होने पर बुधवार को विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जैसे ही चौकी प्रभारी ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये की राशि स्वीकार की, पहले से तैयार बैठी विजिलेंस टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली है।
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में पुलिस थाना सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो धर्मशाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत एफआईआर संख्या 13/2026 दर्ज कर ली गई है। आरोपी सब इंस्पेक्टर को हिरासत में ले लिया गया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है।