कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ है। नेशनल हाईवे 305 स्थित घीयागी से दो किलोमीटर पीछे सोझा की तरफ से एक पर्यटकों से भरी ट्रैवलर खाई में गिर गई।
हादसे में दो से तीन लोगों की जान जाने की खबर है हालांकि इसकी अभी आधिकारिक सूचना नहीं है। वहीं, करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और सभी घायलों को उपचार के लिए बंजार अस्पताल लाया गया है। हादसा शनिवार शाम करीब 8:00 बजे के आसपास हुआ है।
बताया जा रहा है कि ट्रैवलर जलोड़ी दर्रा से जीभी की तरफ जा रही थी। इस दौरान भ्रागे जान नामक जगह पर ट्रैवलर अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गया है।
स्थानीय निवासी प्रताप ठाकुर ने कहा कि इसमें कितने लोगों की मौत हुई और कितने लोग घायल हुए इसकी अभी आधिकारिक सूचना नहीं है। एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने कहा कि सूचना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।