ऋषि महाजन/नूरपुर। पठानकोट-बैजनाथ पपरोला रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही को लेकर बड़ी अपडेट है। Commissioner of Railway Safety नई दिल्ली दिनेश चंद देशवाल के निरीक्षण के बाद अब ट्रेन चलाने कवायद तेज हो गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 9 मार्च, 2026 को पठानकोट से ट्रेन की आवाजाही शुरू होगी। पहले चरण में तीन जोड़ी ट्रेनों का संचालन होगा।
पठानकोट से एक ट्रेन सुबह पांच, सुबह सात और दोपहर दो बजकर 40 मिनट पर बैजनाथ पपरोला के लिए रवाना होगी। वहीं, बैजनाथ से सुबह 6, दोपहर 2 बजकर 15 और 3 बजकर 40 मिनट पर पठानकोट के लिए चलेगी।
चैत्र नवरात्र से पहले ट्रेन चलने से कांगड़ा मंदिर, माता ज्वालामुखी जी, मां चामुंडा आदि के दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, स्थानीय लोगों के लिए भी बड़ी राहत है।
जसूर के व्यापारियों और अन्य लोगों का कहना है कि ट्रेन चलने से लोगों को फायदा होगा, लेकिन पहले की तरह सात जोड़ी ट्रेन ही चलाई जाए। लोगों का यह भी कहना है कि बैजनाथ पपरोला से जो टाइम टेबल है वह सही नहीं है। इससे छात्रों, व्यापारियों आदि को कोई फायदा नहीं होगा।
बता दें कि अगस्त 2022 में भारी बरसात में चक्की रेलवे पुल बह गया था। पुल बहने से पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलवे ट्रैक पर पठानकोट से ट्रेन की आवाजाही बंद हो गई थी। वर्तमान में बैजनाथ पपरोला से कांगड़ा के बीच ही दो जोड़ी ट्रेन चल रही हैं। नूरपुर रोड से बीच-बीच में ट्रेन चली, लेकिन फिर बंद हो गई। इससे जसूर कस्बे के व्यापारियों सहित अन्य लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। पुल का काम पूरा होने के बाद जनवरी माह में महाप्रबंधक उत्तर रेलवे अशोक कुमार वर्मा ने पुल का निरीक्षण किया था।
इसके बाद पांच डिब्बों के साथ पठानकोट से नूरपुर रोड और नूरपुर रोड से पठानकोट तक ट्रायल किया गया था। ट्रायल सफल रहने के बाद रिपोर्ट Commissioner of Railway Safety नई दिल्ली को सौंप दी थी। अभी रेल संरक्षा आयुक्त का निरीक्षण बचा था। 24 फरवरी को रेल संरक्षा आयुक्त का निरीक्षण हुआ।