कांगड़ा। जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना शाहपुर की टीम ने कार में सवार दो युवकों से दो ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, 02 अप्रैल 2026 को शाम के समय पुलिस थाना शाहपुर की टीम, मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम हेतु गश्त व चेकिंग पर थी। इसी दौरान गुप्त विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि सिहुंआ नजदीक पेट्रोल पम्प NH सड़क के बांई ओर कच्ची सड़क के पास एक कार ALTO K-10 नम्बर HP 40A-7048 में आरोपी चिट्टा लेकर बेचने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करते हुए मौके पर दबिश दी तथा तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।। मौका पर कार को भी कब्जा पुलिस में लिया गया है।
आरोपियों की पहचान अश्वनी कुमार उम्र 37 साल पुत्र प्रकाश चंद निवासी गांव भाल्ली, तहसील ज्वाली जिला कांगड़ा तथा सुनील कुमार उर्फ ईशु उम्र 30 साल पुत्र जगरूप सिंह निवासी गांव सियुआं, डाकघर छतड़ी, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
उपरोक्त दोनों आरोपियों के खिलाफपुलिस थाना शाहपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग संख्या 34/26 दिनाँक 02.04.2026 अन्तर्गत धारा 21,25,29 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई नियमानुसार प्रगति पर है।
जिला कांगड़ा पुलिस का नशे के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। नशे और अन्य अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील है कि नशे के सौदागरों की सूचना तुरंत पुलिस को दें-आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।