शिमला। हिमाचल प्रदेश में जुलाई माह में अब तक 5 जुलाई, 2026 तक सामान्य से 63 फीसदी अधिक बारिश हुई है। किन्नौर में 248, कुल्लू में 144, सोलन में 123, चंबा में 116, शिमला और कांगड़ा में 68-68, ऊना में 62, सिरमौर में 40, मंडी में चार फीसदी अधिक मेघ बरसे हैं। हमीरपुर में 12, लाहौल स्पीति में 6 और बिलासपुर में 2 फीसदी कम बारिश हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की 5 जुलाई की अपडेट के अनुसार 6 जुलाई को ऊना, कांगड़ा, सिरमौर जिलों में एक दो जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। चंबा, मंडी, शिमला में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट है।
7 जुलाई को कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में ऑरेंज तो चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 8 जुलाई को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर व 9 जुलाई को बिलासपुर, सोलन और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट है। पिछले 24 घंटे में हिमाचल की कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है और एक दो जगहों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई है।