कांगड़ा। जिला कांगड़ा के 53 मील में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। गेहूं से भरा एक 16-टायरी ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे खड्ड में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पंजाब नंबर का यह ट्रक गेहूं लेकर जा रहा था। देर रात जब ट्रक 53 मील-खोली संपर्क मार्ग के पास पुल से गुजर रहा था, तो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित ट्रक पुल की सुरक्षा रेलिंग को तोड़ता हुआ सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस टीम की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही जान चली गई। दोनों मृतक नगरोटा बगवां के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान मनु महाजन (39), पुत्र ब्रिज मोहन महाजन व रणधीर लुम्बा (51) पुत्र नरेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा (Tanda Hospital) में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुँची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहनता से जाँच कर रही है। हादसे की पुष्टि ASP कांगड़ा बीर बहादुर ने की है।
नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने 53 मील क्षेत्र में हुए दर्दनाक ट्रक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें देर रात लगभग 1:30 बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों से संपर्क साधा। विधायक ने एसपी, एसडीएम नगरोटा, एसएचओ कांगड़ा, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन टीम को मौके पर भेजा तथा भारी बारिश के बीच चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य की रात भर खुद निगरानी की।
विधायक ने बताया कि रात 2:30 से 3:30 बजे के बीच वे अधिकारियों, स्थानीय प्रतिनिधियों और आपदा प्रबंधन टीम के साथ लगातार कॉन्फ्रेंस कॉल पर रहे, ताकि मलबे व ट्रक में फंसी गाड़ियों तथा शवों को क्रेन-मशीनरी की मदद से बाहर निकाला जा सके।
सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रियाओं के लिए डॉक्टरों व प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर सभी जरूरी इंतजाम करवाए गए। इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 47 साल के एक व्यक्ति ने लिफ्ट ली थी और इस हादसे में उसकी जान चली गई। इतनी कम उम्र में इस तरह अचानक किसी की जान चले जाना बेहद हृदयविदारक है।