शिमला। जिला शिमला के टिक्कर में शनिवार को एक बस चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। कड़ाके की ठंड के चलते सड़क पर जमे पाले (ब्लैक आइस) के कारण बस अचानक अनियंत्रित होकर फिसलने लगी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि, बस चालक ने असाधारण धैर्य और कौशल का परिचय देते हुए वाहन पर नियंत्रण बनाए रखा और बस को खाई में गिरने से बचा लिया। चालक की तत्परता से बस में सवार दर्जनों यात्रियों की जान सुरक्षित रही।
गौर हो कि शुक्रवार को कुछ ऐसा ही हादसा सिरमौर जिला के हरिपुरधार में हुआ था। इस हादसे में शिमला से कुपवी जा रही निजी बस पाले पर फिसली और सड़क से 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 52 घायल हुए हैं।
बता दें कि सर्दियों के मौसम में ऊपरी शिमला की सड़कें अत्यंत फिसलन भरी हो जाती हैं और ब्लैक आइस का खतरा लगातार बना रहता है। यह घटना पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी है कि वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतना आवश्यक है।
प्रशासन और स्थानीय लोगों ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि वे सर्दियों में धीमी गति से वाहन चलाएं और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही यात्रा करें।