हिमाचल के पोस्ट ऑफिस में रुका काम, लोग परेशान-जानिए कारण
ewn24news choice of himachal 11 Jan,2023 5:51 pm
देहरा। हिमाचल के पोस्ट ऑफिस में काम रुक गया है। पिछले दो दिन से उपभोक्ताओं को स्पीड पोस्ट और एक अन्य ऑफलाइन सुविधा ही मिल पा रही है। बाकी कोई भी काम नहीं हो रहा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं, स्टाफ को भी दिक्कत हो रही है।
बता दें कि हिमाचल सहित पूरे देश के पोस्ट ऑफिस में सोमवार से काम ठप हो गया। पोस्ट ऑफिस में कोई भी ऑनलाइन काम नहीं हो रहा है। आज तीसरा दिन है और व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटी है।
बताया जा रहा है कि पोस्ट ऑफिस का सर्वर अपग्रेड किया जा रहा है, जिसके चलते यह समस्या आ रही है। पोस्ट ऑफिस का एक ही मुख्य सर्वर है। अगर सर्वर में कोई दिक्कत आए या इसे अपग्रेड करना हो तो पूरे देश के पोस्ट ऑफिस में काम रुक जाता है।
लोगों को तो इससे दिक्कत होती ही है कर्मचारियों को भी परेशानी होती है। क्योंकि कर्मचारियों को एक साथ सारा काम पड़ जाता है। लोग भी कर्मचारियों से उलझते दिखते हैं।
उधर, पोस्ट ऑफिस देहरा डिवीजन के अनुसार बैकएंड से दिक्कत है। सोमवार से ऑनलाइन काम ठप पड़ा है। सर्वर अपग्रेड का काम चल रहा है। आज मिली सूचना अनुसार आज काम पूरा हो सकता है।