सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में हिमपात, पड़ी कड़ाके की ठंड
ewn24news choice of himachal 14 Nov,2022 10:21 pm
किसान-बागवान के लिए खिले चेहरे
जीडी शर्मा/राजगढ़। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में इस सीजन का तीसरा हिमपात हुआ है। हिमपात के चलते गिरीपार क्षेत्र के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है।
सोमवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे और 8 बजे के बाद ऊपरी क्षेत्रों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर शुरू हो गया। इसके चलते पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है।
बर्फबारी होने के चलते तापमान तापमान में लगभग 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। चूड़ेश्वर सेवा समिति के प्रबंधक बाबूराम शर्मा ने बताया कि चूड़धार में बर्फबारी के कारण मौसम ठंडा हो गया है। चूड़धार में सुबह से लगातार हिमपात हो रहा है और लगभग आधा फूट हिमपात जमा हो चुका है।
हालांकि यह हिमपात व वर्षा किसानों व बागवानों के लिए वरदान से कम नहीं है। यहां इन दिनों मटर, आलू, गेहूं, जौ, लहसुन की फसल लगी है। इसके साथ साथ ही अब सेब, आडू, पलम, खुमानी, नाशपाती आदि के बगीचे में कटिंग व मल्चिंग आदि का कार्य वर्षा के बाद आरंभ हो जाता है।