किन्नौर जिला से पहली बार दौड़ी HRTC वोल्वो बस, टापरी से चंडीगढ़ को हुई शुरू
ewn24news choice of himachal 03 Jun,2023 4:01 am
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने किया शुभारंभ
रिकांगपिओ। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की किन्नौर जिला के टापरी से चंडीगढ़ के लिए वोल्वो बस सेवा का शुरू हो गई है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज टापरी बस स्टैंड से बस का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि यह जिला के लोगों के लिए हर्ष का विषय है, क्योंकि जिला में पहली बार वोल्वो बस सेवा आरंभ की जा रही है, जो जिलावासियों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रदेश सरकार की पहल है।
यह बस कनेक्टिंग सेवा के साथ उपलब्ध करवाई जा रही है, जो टैंपो ट्रेवलर के माध्यम से जिला मुख्यालय रिकांगपिओ से करवाई जाएगी। यह बस शाम 5 बजे टापरी से चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी तथा चंडीगढ़ से टापरी के लिए इसका समय सुबह 5 बजे होगा।
इसके अतिरिक्त टापरी से चंडीगढ़ का किराया 1,218 रुपये निर्धारित किया गया है। यात्रियों को रिकांगपिओ से चंडीगढ़ तथा चंडीगढ़ से रिकांगपिओ के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों बुकिंग की व्यवस्था की गई है।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने 11 दिवसीय किन्नौर जिला के प्रवास के दौरान आज जिला के कल्पा उपमंडल के राष्ट्रीय राजमार्ग-5 चोलिंग में 1 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि से निर्मित होने वाले संपर्क सड़क मार्ग चोलिंग से रांगले का शिलान्यास किया। इसके उपरांत जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने 4 दिवसीय ग्रीष्माकालीन महोत्सव टापरी का शुभारंभ किया।