शिमला। हिमाचल प्रदेश में 51 नगर निकाय चुनाव की तिथियों की घोषणा हो गई है। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव के लिए मतदान 17 मई, 2026 को होगा।
जारी शेड्यूल के अनुसार 29, 30 अप्रैल और 2 मई को नामांकन होंगे। 4 मई को नामांकन की जांच होगी। 6 मई को नामांकन वापसी होगी। मतदान 17 मई को सुबह 7 से 3 बजे तक होगा।
मतगणना की बात करें तो नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव के लिए मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती होगी। वहीं, नगर निगम चुनाव के लिए गिनती 31 मई को होगी। नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्ह पर होंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने पत्रकार वार्ता में तिथियों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव का एक सप्ताह के भीतर ऐलान कर दिया जाएगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही सोलन, धर्मशाला, पालमपुर और मंडी नगर निगम क्षेत्र, 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायत में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।