चंबा। जिला चंबा में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर बनीखेत के समीप लाहड़ में सोमवार मध्यरात्रि एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया।
भारी बारिश और घने कोहरे के बीच एक ऑल्टो के-10 कार अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में तीन महीने के एक मासूम बच्चे समेत एक ही परिवार के सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार (एचपी-48ए-8534) में सवार परिवार अपने तीन माह के शिशु का पीजीआई चंडीगढ़ से उपचार करवाकर घर लौट रहा था।
रात के समय लाहड़ के पास खराब मौसम, भारी बारिश और घने कोहरे के कारण चालक का नियंत्रण गाड़ी पर से छूट गया और वाहन खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार सवार किसी भी व्यक्ति को संभलने का मौका नहीं मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस, राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से रात में ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और शवों को खाई से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद सभी शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
बचन सिंह (पिता: नारायण सिंह), निवासी: गेहरा (पेशे से चालक)
रिपन कुमार (पिता: बचन सिंह), निवासी: गेहरा (हिमाचल प्रदेश पुलिस की द्वितीय आईआरबीएन, सकोह में तैनात)
रिम्पी (पति: रिपन कुमार)
कीर्ति (पिता: केसर सिंह)
तीन माह का शिशु
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम को मौके पर भेजा गया था। हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में, विशेषकर रात के समय तथा खराब मौसम या घने कोहरे के दौरान वाहन अत्यंत सावधानी और धीमी गति से चलाएं।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही परिवार के पांच लोगों की असमय मृत्यु अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति देने और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।