पांवटा साहिब। पत्नी के मायके जाते ही 42 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगा लिया। यह दुखद घटना सिरमौर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के गिरिपार क्षेत्र के थापला गांव की है।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय दलीप सिंह (पुत्र तुला राम) के रूप में हुई है। घटना के वक्त घर पर केवल दलीप सिंह और उनका बेटा अजय ही मौजूद थे, जबकि उनकी पत्नी अपने भाई से मिलने मायके गई हुई थी।
मृतक के बेटे अजय ने बताया कि शनिवार सुबह उसके पिता सोकर उठे और शौच के लिए गए थे। वहां से लौटने के बाद वे सीधे अपने कमरे के भीतर चले गए। कुछ देर बाद जब अजय किसी काम से पिता के कमरे में गया, तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने अपने पिता को फंदे से लटका हुआ पाया।
अजय की चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर इकट्ठा हुए। वे आनन-फानन में दलीप सिंह को फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए शिलाई अस्पताल ले गए, लेकिन दुर्भाग्यवश वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती पारिवारिक इनपुट और जांच के अनुसार, दलीप सिंह पिछले काफी समय से गंभीर मानसिक तनाव (डिप्रेशन) के दौर से गुजर रहे थे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (SP) निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई व जांच शुरू कर दी है।