मंडी। हिमाचल प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है।
जिला रोजगार अधिकारी मंडी, अरविन्द सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस लिमिटेड, नालागढ़ द्वारा जिला रोजगार कार्यालय मंडी को फ्लोर स्टाफ यानी स्पेयर पार्ट्स की हैंडलिंग के कुल 200 नियमित पद अधिसूचित किए गए हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए जिले के विभिन्न रोजगार कार्यालयों में साक्षात्कार का आयोजन किया जा रहा है।
भर्ती के लिए निर्धारित पात्रता और योग्यताओं की जानकारी देते हुए जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं या 12वीं पास अथवा इससे अधिक रखी गई है।
इस भर्ती प्रक्रिया में केवल पुरुष अभ्यर्थी ही भाग ले सकते हैं, जिनकी आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, आवेदक का नाम हिमाचल प्रदेश के किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य किया गया है।
वेतन और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को 14,300 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
वेतन के साथ-साथ कर्मचारियों को ईपीएफ (कर्मचारी भविष्य निधि), ईएसआई (कर्मचारी राज्य बीमा), ओवरटाइम यानी अतिरिक्त कार्य का पारिश्रमिक, दो समय का निःशुल्क भोजन, दो समय की निःशुल्क चाय तथा आने-जाने के लिए निःशुल्क बस सुविधा भी कंपनी की ओर से प्रदान की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती जिला सोलन के नालागढ़ में की जाएगी।
साक्षात्कार के कार्यक्रम के अनुसार, इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों के लिए तीन अलग-अलग स्थानों पर तिथियां निर्धारित की गई हैं। पहला साक्षात्कार 19 नवंबर 2026 को उप-रोजगार कार्यालय पधर में आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद 20 नवंबर 2026 को जिला रोजगार कार्यालय मंडी में तथा 21 नवंबर 2026 को उप-रोजगार कार्यालय गोहर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। तीनों ही स्थानों पर साक्षात्कार की प्रक्रिया प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगी।
इच्छुक युवाओं से अपील की गई है कि वे साक्षात्कार के दिन अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो और रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र साथ लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित हों।
साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को विभाग या कंपनी की ओर से किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। भर्ती से जुड़ी किसी भी अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 अथवा संबंधित नियोक्ता के मोबाइल नंबर 92176-69490 पर संपर्क कर सकते हैं।