मंडी। पुलिस अधीक्षक मंडी के नेतृत्व में मंडी पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की गई है।
पुलिस ने नशा तस्करों के आर्थिक साम्राज्य पर कड़ा प्रहार करते हुए नशे के अवैध कारोबार से अर्जित लगभग 57 लाख 92 हजार 70 रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सदर मंडी में 31 मार्च 2025 को एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसमें 6 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।
इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मंडी पुलिस द्वारा गहन वित्तीय जांच अमल में लाई गई। जांच के दौरान नशा तस्करी की कमाई से खरीदी गई संपत्तियों की पहचान कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत इन्हें फ्रीज करने का आदेश पारित किया गया था।
इस मामले में सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (SAFEMA) एवं एनडीपीएस एक्ट नई दिल्ली द्वारा 12 नवंबर 2026 को पारित आदेश में पुलिस की इस कार्रवाई पर मुहर लगाते हुए दोनों संपत्तियों के फ्रीजिंग आदेश की पुष्टि कर दी गई है।
फ्रीज की गई संपत्तियों में 23 लाख 92 हजार 70 रुपये मूल्य की एक महिंद्रा थार गाड़ी (नंबर HP33C9999) और पुरानी मंडी स्थित मकान संख्या 105/02 के चौथे तल पर निर्मित तीन कमरों का एक आवासीय सेट शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 34 लाख रुपये आंकी गई है। इन दोनों चल और अचल संपत्तियों का कुल मूल्य 57,92,070 रुपये है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना सदर मंडी की पुलिस टीम और जिला पुलिस की संबंधित इकाइयों के समन्वित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंडी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशा तस्करी के अवैध कारोबार से अर्जित किसी भी संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसे कानूनी कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा।
नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी अवैध कमाई और आर्थिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए मंडी पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।