शिमला। हिमाचल प्रदेश का मौजूदा वित्त वर्ष बजट पारित होने के बाद प्रदेश सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आज सुबह 11 बजे सचिवालय के शिखर सम्मेलन सभागार में शुरू हो गई है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
छात्रों की कम संख्या वाले स्कूल और कॉलेजों को मर्ज करने का प्रस्तावित कैबिनेट की बैठक में फैसला हो सकता है। शिक्षा विभाग ने 50 विद्यार्थियों की संख्या वाले 11 कॉलेजों और पांच विद्यार्थियों की संख्या वाले 108 स्कूलों को मर्ज करने का प्रस्ताव भेजा है।
बैठक में बजट भाषण में की गई कई घोषणाओं को मंजूरी मिल सकती है। हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज संस्थाओं और शहरी निकायों के चुनाव को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
शिमला से तारादेवी तक प्रस्तावित 13.79 किलोमीटर लंबे रोपवे प्रोजेक्ट के नए प्रस्ताव को कैबिनेट में लाया जाना है। स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य विभागों में रिक्त पदों को भरने का मामला भी कैबिनेट में चर्चा के लिए रखा गया है।