कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है।
जिला कांगड़ा के डमटाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (एनएच-44) पर देर रात अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
इस भीषण दुर्घटना में बस में सवार करीब 16 से 17 यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें से कुछ की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा डमटाल स्थित नरुला पेट्रोल पंप (मोहटली रैंप) के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि 'लक्ष्मी हॉलीडेज' की यह निजी टूरिस्ट बस श्रद्धालुओं को लेकर कटड़ा (जम्मू-कश्मीर) से देहरादून (उत्तराखंड) की ओर आगे बढ़ रही थी। बस में कुल 57 यात्री सवार थे।
आधी रात के वक्त अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई। हाईवे पर बस पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय ग्रामीण, राहगीर और पास के अर्नी विश्वविद्यालय की टीम तुरंत मदद के लिए दौड़े और बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंदौरा व पठानकोट के अस्पतालों में पहुंचाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चार यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (टांडा मेडिकल कॉलेज) रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं। नूरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन द्वारा तकनीकी खराबी, चालक की लापरवाही या नींद की झपकी आने जैसे सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन की जा रही है। अधिकारियों ने सभी प्रभावित यात्रियों को हर संभव मदद पहुंचाने का भरोसा दिया है।