रिकांगपिओ। हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग ने विभिन्न ग्रामीण जलापूर्ति और सिंचाई योजनाओं के सुचारू संचालन व रखरखाव के लिए अंशकालिक/प्रति घंटा आधार पर कुल 20 पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार 9 नवंबर 2026 की शाम 5:00 बजे तक ऑफलाइन माध्यम से अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।
जारी की गई आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार कुल 20 पद भरे जाएंगे। इनमें पैरा पंप ऑपरेटर (Para Pump Operator) के 4 पद, पैरा फिटर (Para Fitter) का 1 पद और मल्टीपर्पज वर्कर (Multi Purpose Worker) के 15 पद शामिल हैं।
चयनित उम्मीदवारों को प्रतिदिन 6 घंटे सेवाएं देनी होंगी। मानदेय के रूप में पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर को ₹7,100 प्रतिमाह प्रदान किया जाएगा। वहीं मल्टीपर्पज वर्कर के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को ₹6,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर के पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम 10वीं (मैट्रिक) पास होना आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त संबंधित ट्रेड जैसे इलेक्ट्रिशियन, वायरमैन, डीजल मैकेनिक, पंप मैकेनिक, मोटर मैकेनिक या फिटर/प्लंबर में मान्यता प्राप्त ITI प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। मल्टीपर्पज वर्कर के पद के लिए न्यूनतम योग्यता आठवीं पास (Middle Pass) रखी गई है। आवेदकों की आयु 9 नवंबर 2026 के आधार पर न्यूनतम 18 वर्ष से अधिकतम 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर सभी आवश्यक स्व-सत्यापित दस्तावेजों (जैसे हिमाचली बोनाफाइड, 8वीं/10वीं अंकतालिका, तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र और बीपीएल/आरक्षित वर्ग प्रमाण पत्र) के साथ अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल रिकांगपिओ, जिला किन्नौर (हिमाचल प्रदेश) के कार्यालय में अंतिम तिथि तक पहुँचाना होगा।
उम्मीदवारों का चयन शैक्षणिक अंकों के मूल्यांकन, कार्य अनुभव, बीपीएल श्रेणी तथा कौशल व शारीरिक परीक्षण (Skill & Physical Test) के आधार पर कुल 10 अंकों के मूल्यांकन से किया जाएगा।