ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता ने अपने दामाद पर बेटी को प्रताड़ित करने के आरोपी लगाए हैं। दामाद सेना में तैनात है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस स्टेशन मेहतपुर में दर्ज शिकायत के अनुसार, गगरेट के रहने वाले चंचल सिंह (61) ने अपने दामाद मनजीत सिंह (34) और उसकी मां राज रानी निवासी वार्ड-नंबर 6, गांव अप्पर देहला पर उनकी बेटी पूजा देवी को प्रताड़ित करने और उसे जहर खाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
चंचल सिंह (सेना से सेवानिवृत्त) ने बताया कि उनकी बेटी पूजा की शादी 2016 में मनजीत सिंह से हुई थी। इन दोनों की तीन साल की बेटी भी है। शिकायतकर्ता के अनुसार शादी के तीन-चार साल बाद से ही मनजीत पूजा को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने लगा था।
चंचल सिंह ने बताया कि जब भी मनजीत छुट्टी पर घर आता था पूजा उन्हें फोन करके पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात बताती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मनजीत की मां राज रानी भी पूजा को परेशान करती थी। परिवार ने पहले पंचायत और पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी, क्योंकि ये दोनों माफी मांग लिया करते थे।
चंचल सिंह ने बताया कि 5 मई को पूजा ने उन्हें फोन करके घर आने से मना किया था और कहा था कि मनजीत उन्हें मारने की फिराक में है। अगले दिन 6 मई को दोपहर करीब 12 बजे मनजीत ने फोन करके बताया कि पूजा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है।
इसके बाद चंचल सिंह ने अपने भांजे को बुलाकर पूजा को तुरंत अस्पताल पहुंचाने को कहा। जब वे ऊना अस्पताल पहुंचे तो पूजा बेहोश पाई गई और मनजीत शराब के नशे में वहां मौजूद था।
पूजा की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे रोपड़ के एक अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। चंचल सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत मनजीत सिंह और उसकी सास की प्रताड़ना के कारण हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मनजीत अपनी पत्नी को कोई खर्चा भी नहीं देता था।
पुलिस ने रोपड़ से पूजा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आरोपी पति मनजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में धारा 108 और 3(5) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।