क्षेत्रीय गठबंधन ने कांगड़ा-चंबा सीट से संजीव गुलेरिया को बनाया प्रत्याशी
ewn24news choice of himachal 14 Mar,2024 12:18 am
ऋषि महाजन/नूरपुर। हिमाचल क्षेत्रीय गठबंधन ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के लिए डॉ. संजीव गुलेरिया को उम्मीदवार घोषित किया। हिमाचल क्षेत्रीय गठबंधन को नवभारत एकता दल, राष्ट्रीय स्वाभिमान पार्टी, फारवर्ड ब्लॉक, जन क्रांति पार्टी, न्यू पेंशन स्कीम के रिटायर्ड कर्मचारी संघ, कृषि एवं बागवान संघ व कई सोशल निकाय का समर्थन प्राप्त है।
नव एकता दल राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हिमाचल क्षेत्रीय गठबंधन के प्रमुख पीसी विश्वकर्मा ने जसूर में प्रेसवार्ता में कहा कि अगर हमारा उम्मीदवार लोकसभा जीतता है तो हम संविधान के मौलिक ढांचे को बदलने का विरोध करेंगे। साथ ही संवैधानिक संस्थाएं जैसे लोक सेवा आयोग, चुनाव आयोग, न्यायपालिका की मजबूती को आवाज उठाएंगे।
उन्होंने भाजपा के चार सौ पार के नारे का विरोध करते हुए कहा कि अगर भाजपा सच चार सौ पार हो गई तो लोकतंत्र संविधान और संविधान की संस्थाओं को कमजोर कर देगी।
इसके साथ उन्होंने कांगड़ा-चंबा के लिए पठानकोट से चंबा रेल लिंक, कांगड़ा रेल पटरी का विस्तार की मांग उठाई। किसानों के एमएसपी का समर्थन भी किया। साथ ही केंद्रीय कर्मचारियों की कोविड काल में 35 हजार करोड़ रुपए की अदायगी और 15 किलोमीटर पर एक सब डिवीजन ऑफिस खोलने का मुद्दा भी उठाया।