हिमाचल : बस सवार महिलाओं के बैग से गहने चोरी मामला, गिरोह का पर्दाफाश, 14 धरे
ewn24news choice of himachal 12 Mar,2024 12:44 am
मंडी में अब तक 11, कांगड़ा में तीन किए थे गिरफ्तार
मंडी/कांगड़ा। हिमाचल में बस में यात्रा करने वाली नवविवाहित महिलाओं के अटैची और बैग से सोने के गहने चुराने वाला गिरोह सक्रिय है। ऐसे मामले में अब तक मंडी जिला में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कांगड़ा जिला में तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं। सभी आरोपी हरियाणा और दिल्ली के रहने वाले हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी जल्द होगी।
मंडी जिला में कुछ दिन से बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं के सोने के गहने और कीमती सामान रहस्यमय तरीके से चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। पुलिस थाना सुंदरनगर में इसी प्रकार के दो मामले 08 फरवरी 2024 व 09 फरवरी 2024 को दर्ज हुए थे। इन दो अलग-अलग मामलों में निजी बसों में यात्रा कर रही महिलाओं के अटैची और बैग से बदमाशों द्वारा सोने के गहने निकाल गए थे।
एसपी मंडी के दिशा निर्देशानुसार डीएसपी सुंदरनगर व थाना सुंदरनगर की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उक्त दोनों मामलों में अभी तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी हरियाणा व दिल्ली के रहने वाले हैं।
आरोपियों से अभी तक लगभग चार लाख रुपए की कीमत के सोने के गहने बरामद किए गए हैं। इन आरोपियों को न्यायालय मे पेश कर तीन दिन की पुलिस हिरासत ली गई है। कुछ अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में जांच जारी है।
वहीं, हिमाचल के कांगड़ा जिला के बनखंडी में भी चार मार्च को ऐसा मामला सामने आया था। एक महिला निजी बस में ठाकुरद्वारा से गुलेर (गठूतर) मायके जा रही थी। रानीताल के पास रसूह चौक पर तीन लोग बस में चढ़े। उन्होंने देहरा का टिकट लिया, लेकिन तीनों बनखंडी में ही उतर गए।
उन्हें आपस में इशारा करते महिला ने देख लिया। महिला को उन पर कुछ शक हुआ। महिला ने अपना बैग चेक किया तो सोने के गहने गायब थे। इसके बाद आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया गया।
आरोपियों की पहचान राजेश, दिलशेर और संजय निवासी गुहाना सोनीपत हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस स्टेशन हरिपुर में मामला दर्ज किया। आरोपियों ने पूछताछ में देहरा में भी एक इसी प्रकार की चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की है।
ऐसे चुनते हैं टारगेट
बसों में सफर करने वाली महिलाओं के अटैची और बैग से गहने चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य अधिकतर नवविवाहित महिलाओं को निशाना बनाते हैं। हाथ में शादी के चूड़े से पता करता हैं कि महिला की नई नई शादी हुई है। फिर वे बस में सवार होकर मौका देखकर बैग या अटैची से गहने व अन्य कीमती सामान उड़ा देते हैं और रफूचक्कर हो जाते हैं।