मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में मौसम विभाग द्वारा भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त (डीसी) अपूर्व देवगन ने जिलावासियों और पर्यटकों के लिए सुरक्षा परामर्श (एडवाइजरी) जारी कर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला के अनुसार, 02 जुलाई और 03 जुलाई, 2026 को मंडी जिला के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका है। मौसम की इस गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सभी को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों और पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे ऊपरी पहाड़ी भागों, नदी-नालों के पास जाने से बिल्कुल परहेज करें। मानसून के इस मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की भारी संभावना रहती है, इसलिए ऐसे संवेदनशील रूटों पर यात्रा करने से बचें। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न देकर स्वयं भी सतर्क रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें।
जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति या आपदा से निपटने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसी भी संकट के समय नागरिक और पर्यटक तुरंत इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं :
जिला प्रशासन मंडी दूरभाष नंबर : 01905-226201, 226202, 226203, 226204
टोल फ्री आपातकालीन हेल्पलाइन: 1077
अन्य मोबाइल संपर्क नंबर : 85447-71889, 94594-55714