ऋषि महाजन/नूरपुर। टकवाल में बिजली का काम करते समय एक प्रशिक्षु युवक विद्युत पोल से नीचे गिर गया। युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
उसे पहले फतेहपुर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जसूर के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। युवक की टांग में गंभीर चोट आई है। युवक का ऑपरेशन किया गया है।
घटना पंचायत सुनहारा के टकवाल क्षेत्र की है। युवक की पहचान निखिल मनकोटिया (25) पुत्र रणबीर सिंह निवासी गोलवां के रूप में हुई है। निखिल ने आईटीआई से इलेक्ट्रीशियन का डिप्लोमा किया है। पिछले पांच महीने से बिजली विभाग में अप्रेंटिस के तौर पर काम कर रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, निखिल को करंट लगा और वह जोर से चिल्लाया। पास खड़े लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की तभी वह पोल से नीचे गिर गया। नीचे गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं।
बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता संजीव शर्मा ने बताया कि युवक पोल से कैसे गिरा इसकी जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।