ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के फतेहपुर क्षेत्र के लोगों को अब स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पठानकोट या अन्य दूरस्थ स्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा। लोगों को अब आदर्श सिविल अस्पताल फतेहपुर में ही विशेषज्ञों डॉक्टरों की सुविधा प्राप्त होगी।
इस हफ्ते फतेहपुर अस्पताल में सात नए डॉक्टरों ने पदभार संभाल लिया है। इनमें सर्जन और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ भी शामिल हैं। आलम यह है कि डॉक्टरों की संख्या बढ़ने से ओपीडी कक्ष कम पड़ गए हैं। फिलहाल एक कमरे में दो डॉक्टर ओपीडी चला रहे हैं।
अस्पताल में नए ओपीडी भवन का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद यह कमी भी नहीं रहेगी। अस्पताल में 19 करोड़ रुपये की लागत से नया भवन बनेगा। इसके लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। 14 करोड़ रुपये जारी भी हो चुके हैं। हाल ही में अस्पताल को 100 बिस्तरों की सुविधा में अपग्रेड करने के लिए करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से नया बाह्य रोगी विभाग तैयार होगा। इससे क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
फतेहपुर के साथ-साथ जवाली, नूरपुर और इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की जनता भी इस अस्पताल से लाभ ले रही है। योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया ने बताया कि अस्पताल में सात नए स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति हो चुकी है। सभी ने सेवाएं देना शुरू कर दिया है। रैहन सिविल अस्पताल और रे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी डॉक्टरों की नियुक्ति हो रही है। रे में एक नए डॉक्टर ने कार्यभार संभाल लिया है।