ऋषि महाजन/नूरपुर। पठानकोट से बैजनाथ पपरोला के बीच भारी बरसात के कारण बंद रेल सेवाओं को लेकर बड़ी अपडेट है। प्रभावित रेल सेवा को 31 जुलाई, 2026 से बहाल किया जा रहा है।
हालांकि, पठानकोट से बैजनाथ पपरोला और बैजनाथ पपरोला से पठानकोट के बीच दो जोड़ी ट्रेन ही चलेंगी, जोकि पठानकोट से सुबह और बैजनाथ पपरोला से शाम को चलती हैं।
परिचालन कारणों से ट्रेन संख्या 52464 बैजनाथ पपरोला से ज्वालामुखी रोड और ट्रेन संख्या 52469 ज्वालामुखी रोड से बैजनाथ पपरोला की सेवा दिनांक 31 जुलाई 2026 को अस्थायी रूप से रद्द रहेगी।
रेलवे जम्मू मंडल के जन सम्पर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल द्वारा यात्रियों को सूचित किया जाता है, कि भारी बरसात के कारण प्रभावित पठानकोट से बैजनाथ पपरोला के बीच नैरोगेज ट्रेन सेवाओं को दिनांक 31 जुलाई 2026 से बहाल किया जा रहा है।
इसमें उन्हीं ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा जो दिनांक 02 जून 2026 से पूर्व संचालित थीं। बहाल होने वाली ट्रेनों में ट्रेन संख्या 52473/52472, 52465/52467 और 52470/52474 शामिल हैं।
यात्रियों से अनुरोध है कि अपनी यात्रा से पूर्व ट्रेनों के संचालन एवं समय-सारणी की जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट अथवा NTES ऐप से अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। असुविधा के लिए रेल प्रशासन खेद व्यक्त करता है।