हरिपुर। हिमाचल के पुलिस जिला देहरा के तहत पुलिस थाना हरिपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक अनोखा मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई चिकित्सकीय जांच, आरएफएसएल रिपोर्ट और चिकित्सक की अंतिम राय के आधार पर अमल में लाई है।
बता दें कि एक विशेष टीम ने 4 मई, 2026 को पुलिस चौकी रानीताल के समीप बांध गांव में निरीक्षण पर थी। इस दौरान एक युवक को संदेह के आधार पर रोका गया। युवक की पहचान नीरज गुलेरिया (28) निवासी त्यारा जिला कांगड़ा के रूप में हुई।
पुलिस को युवक की गतिविधियों से संदेह हुआ कि युवक ने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया है। विशेष टीम ने युवक को हरिपुर पुलिस स्टेशन के अधीन पड़ती पुलिस चौकी रानीताल के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक का चिकित्सकीय परीक्षण करवाया। जांच के लिए उसका रक्त नमूना आरएफएसएल धर्मशाला भेजा गया।
आरएफएसएल धर्मशाला से प्राप्त रिपोर्ट को चिकित्सकीय परीक्षण और अंतिम राय के लिए संबंधित चिकित्सक के समक्ष प्रस्तुत किया गया। चिकित्सक की अंतिम राय में युवक के नशीले पदार्थों के सेवन का आदी होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत थाना हरिपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस जिला देहरा के एसपी संदीप धवल ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान नशीले पदार्थों के सेवन अथवा तस्करी से जुड़े मामलों में पकड़े जाने वाले आरोपियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से भी नशे के विरुद्ध एकजुट होकर पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।