धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) धर्मशाला द्वारा कक्षा 12वीं की अनुपूरक परीक्षा (जुलाई-2026) का परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया गया।
बोर्ड द्वारा जारी परीक्षा परिणाम के अनुसार कक्षा 12वीं की अनुपूरक परीक्षा (Supplementary Examination) में कुल 3,271 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 1,931 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 59.07 प्रतिशत रहा। वहीं 1,123 परीक्षार्थी कंपार्टमेंट श्रेणी में रहे, जबकि 2 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण हुए।
यह परीक्षा कक्षा 12वीं के कंपार्टमेंट, प्रदर्शन सुधार (Improvement of Performance), अतिरिक्त विषय तथा डिप्लोमा धारक परीक्षार्थियों के लिए आयोजित की गई थी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परीक्षा में सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा एवं करियर के लिए पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही, कंपार्टमेंट श्रेणी में रहने वाले विद्यार्थियों से निराश न होने और आगामी अवसर के लिए और अधिक मेहनत करने का आह्वान किया।
परीक्षार्थी अपना परिणाम हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर देख सकते हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए उनके प्रमाण-पत्रों की प्रतियां DigiLocker पर भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
बोर्ड द्वारा परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन एवं पुनः जाँच की सुविधा भी प्रदान की गई है। इच्छुक परीक्षार्थी संबंधित विद्यालय के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन प्रणाली के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
पुनर्मूल्यांकन के लिए ₹1,000 प्रति विषय तथा पुनः जाँच के लिए ₹800 प्रति विषय शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे तथा निर्धारित शुल्क के बिना किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को पुनः बधाई देते हुए कहा कि वे अपनी उपलब्धि को आगे की शिक्षा और उज्ज्वल करियर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बनाएं।