गरली। कांगड़ा जिला में ब्यास नदी के किनारे स्थित चंबा पत्तन क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया है। शव पड़ा हुआ होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही रक्कड़ पुलिस स्टेशन के प्रभारी इल्मदीन टीम अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान ज्वालामुखी क्षेत्र के पट्टियार निवासी बबलू कुमार पुत्र सुरेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्रथम दृष्टया मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले के हर पहलू से जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस संबंध में कोई जानकारी हो तो वह नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।