सुभाष चौहान/ज्वालामुखी। राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी में प्राचार्य डॉ. चंदन भारद्वाज के मार्गदर्शन में एचआईवी/एड्स, क्षय रोग (टीबी) एवं नशा निवारण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का आयोजन हिमाचल प्रदेश वॉलंटरी हेल्थ एसोसिएशन (HPVHA), ज्वालामुखी के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट मैनेजर गौतम भास्कर तथा एम एंड ईए मिंटू, ORW-2 पूनम कुमारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और अभियान का मार्गदर्शन किया।
रैली महाविद्यालय के विज्ञान ब्लॉक से शुरू होकर अंब चौक तक निकाली गई। इसमें विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न जागरूकता संदेशों एवं नारों के माध्यम से लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, टीबी की रोकथाम एवं उपचार तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा एचआईवी/एड्स, टीबी एवं नशे से संबंधित भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को दूर करने का संदेश दिया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले HPVHA, विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
मतियाल में IEC अभियान के तहत HIV जागरूकता शिविर
इसी कड़ी में सिहोरपांई पंचायत के मतियाल गांव में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान (IEC Campaign) के अंतर्गत एक विशेष HIV जागरूकता शिविर का सफ़ल आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन आउटरीच वर्कर ORW-1 (सानिया) और ORW-3 (ऋषा चौहान) द्वारा किया गया।
शिविर में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बढ़कर सहयोग दिया, जिनमें वार्ड पंच नीलम कुमारी, वार्ड पंच रंजना कुमारी और आंगनवाड़ी हेल्पर सोमा देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को एचआईवी/एड्स से बचाव, रोकथाम और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर कुल 17 ग्रामीणों का सेल्फ-रिस्क असेसमेंट (Self-Risk Assessment) किया गया। लोगों को जागरूक करने के लिए सूचनात्मक पैम्पलेट्स वितरित किए गए।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने शिविर में भाग लेने वाले सभी ग्रामीणों, वार्ड पंचों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और शिविर का सफलतापूर्वक समापन किया।