कांगड़ा : स्कूलों में नहीं होंगी आउटडोर एक्टिविटी, डीसी ने जारी किए निर्देश
पेयजल की उपयुक्त व्यवस्था करने को भी कहा
धर्मशाला। हिमाचल में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। इसके चलते कांगड़ा जिला में स्कूलों के समय में बदलाव किया है।
स्कूली बच्चे किसी भी प्रकार से हीट वेव (लू) की चपेट में न आएं इसके लिए डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने स्कूलों को सभी आवश्यक प्रबंधन करने के निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार कांगड़ा जिले के सभी उपमंडलों के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल अब सुबह साढ़े सात बजे खुलेंगे और दोपहर एक बजे बंद हो जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि गर्मी के बढ़ते प्रकोप के चलते यह आदेश स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किए गए हैं।
जंगलों की आग बुझाने में पंचायतों को भी करें सम्मिलित
डीसी ने कहा कि बढ़ती गर्मी के कारण जंगलों में आग लगने की कईं घटनाएं प्रतिदिन सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि वनों की आग को बुझाने के लिए वन विभाग और अग्निशमन विभाग के साथ पंचायतों को भी सम्मिलित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जंगलों को आग से बचाने और आग के खतरों को कम करने के लिए विभाग स्थानीय स्तर पर पंचायतों का सहयोग भी लें। डीसी ने इस बाबत सभी खंड विकास अधिकारी, वन विभाग और अग्निशमन विभाग को निर्देश दिए हैं।