धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड 10वीं के रिजल्ट में निजी स्कूलों का दबदबा रहा है। साथ ही लड़कियों ने इस बार भी बाजी मारी है। मेरिट में पहले 10 स्थान पर 117 छात्रों ने जगह बनाई है।
इनमें 88 छात्राएं और 29 छात्र हैं। मेरिट में सरकारी स्कूलों के 20 और निजी स्कूलों के 97 छात्र हैं। पहले तीन स्थानों पर लड़कियों ने कब्जा किया है। सभी छात्राएं निजी स्कूल की छात्राएं हैं।
मेरिट में पहले और दूसरे स्थान पर एक-एक छात्रा है। तीसरे पर दो, चौथे पर 3, पांचवें पर 10, छठे पर 9 और 7वें पर 15 छात्र हैं। 8 और 9वें स्थान पर 22-22 और 10वें स्थान पर 32 छात्र हैं। जिला वाइज बात करें तो मेरिट में कांगड़ा जिला के छात्रों ने बाजी मारी है।
पहले दस स्थान पर कांगड़ा जिला के 26 छात्र हैं। हमीरपुर जिला 22 छात्रों के साथ दूसरे नंबर पर है। मंडी तीसरे और ऊना जिला चौथे स्थान पर रहा है।
मंडी के 19 तो ऊना के 16 छात्रों ने मेरिट में जगह बनाई है। बिलासपुर के 12, सोलन के 9, शिमला के 6, सिरमौर के पांच और कुल्लू व चंबा के एक-एक छात्र ने मेरिट में स्थान प्राप्त किया है।
मेरिट में टॉप पर कांगड़ा जिला का कब्जा रहा है। न्यूगल मॉडल पब्लिक स्कूल भवारना जिला कांगड़ा की साइना ठाकुर पुत्री संदीप कुमार टॉपर रही हैं। उन्होंने 99.43 फीसदी अंक हासिल किए हैं। आरके सीनियर सेकेंडरी स्कूल घंडालवीं बिलासपुर की रिद्धिमा शर्मा पुत्री नरेश कुमार ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
रिद्धिमा ने 99.29 फीसदी अंक हासिल किए हैं। रिद्धिमा टिहरा लदरौर तहसील घुमारवीं जिला हमीरपुर की निवासी हैं। मोर्डन पब्लिक स्कूल स्वारघाट सोलन की मुदिता शर्मा पुत्री पंकज शर्मा और मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं बिलासपुर की प्रियंका शर्मा तीसरे स्थान पर रही हैं। इन्होंने 99.14 फीसदी अंक हासिल किए। मुदिता गुज्जर हट्टी नालागढ़ और प्रियंका शर्मा सुंदरू झंडूता बिलासपुर की निवासी हैं।