कांगड़ा जिला के बनखंडी का युवक घर पहुंचा, चंडीगढ़ से हुआ था लापता
ewn24news choice of himachal 10 Jun,2023 10:20 pm
बनखंडी। चंडीगढ़ में लापता कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ते क्षेत्र बनखंडी का एक युवक गगन कुमार सकुशल घर पहुंच गया है। गगन पैदल ही घर पहुंचा है। युवक सहमा हुआ है और फिलहाल उसने स्पष्ट नहीं बताया है कि वह कहां था और उसके साथ क्या हुआ।
बता दें कि गगन कुमार पुत्र जगदीश चंद निवासी गांव शेरलूहारा पोस्ट ऑफिस बनखंडी जिला कांगड़ा 8 जून से चंडीगढ़ 43 बस स्टैंड से लापता हो गया था।
बताया जा रहा है कि युवक बहन के घर कांगड़ा के खुंडियां में था। वहां से किसी व्यक्ति के साथ सोलन के धर्मपुर के लिए निकला था। धर्मपुर में बिरोजा ठेकेदार के पास काम के लिए जा रहा था।
खुंडियां से ऊना तक किसी और बस में आया और ऊना से वाया चंडीगढ़ सोलन के लिए बस पकड़ी। चंडीगढ़ 43 सेक्टर बस स्टैंड पर बस रुकी तो शौचालय बोलकर गया। पर काफी देर हो गई वापस नहीं आया।
साथ गए व्यक्ति ने काफी देर इंतजार किया, जब वह वापस नहीं आया तो वह व्यक्ति चंडीगढ़ से लौट आया। इस बात की जानकारी लापता गगन की बहन को दी। बहन ने घर में बताया। परिजनों ने खुंडियां पुलिस चौकी में भी शिकायत दी थी। गगन के पास मोबाइल भी था जोकि सात जून को खराब हो गया था।