ऋषि महाजन/नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर की CIA-I टीम द्वारा नियमित गश्त एवं अपराध रोकथाम के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान टोल टैक्स बैरियर भदरोआ पर गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि तीन व्यक्ति दुर्गा माता मंदिर, डमटाल के पास एक मोटरसाइकिल पर हेरोइन (चिट्टा) के साथ मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। मौके पर तीनों संदिग्ध व्यक्तियों को एक काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नं. PB-07-BX-5055) के साथ पाया गया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के मीटर पैनल से 70 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनब कुमार, पुत्र भरपूर सिंह, निवासी भदवाल, जिला होशियारपुर (पंजाब), हरजोत सिंह, पुत्र सूचा सिंह, निवासी हरदो खानपुर, जिला होशियारपुर (पंजाब) और शमशून, पुत्र तरसेम सिंह, निवासी लाभ नगर, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में की गई है।
बरामद मादक पदार्थ को मौके पर ही जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई तथा नमूने सील किए गए। इस संबंध में थाना डमटाल में NDPS Act की धारा 21, 25, 29, 61 एवं 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की आगामी जांच जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नूरपुर पुलिस नशे के खिलाफ अपने अभियान को लगातार जारी रखे हुए है और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।