Categories
Politics TRENDING NEWS Top News Himachal Latest Una State News

जयराम बोले-सर्वेक्षणों में भाजपा बना रही सरकार, मुकेश का पलटवार

कहा-सर्वे की हवा निकलेगी, हवाई साबित होंगे
ऊना।  हिमाचल के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने धनबल से जो सर्वे करवाएं हैं, उन सर्वे की हवा निकलेगी और मुख्यमंत्री जिन सर्वे का हवाला दे रहे हैं, वह सब हवाई साबित होंगे। यह बात नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कथन पर पलटवार करते हुए कही। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा को अपने काम पर यकीन नहीं है और भाजपा पूरी तरह से असफल सरकार साबित हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिस प्रकार से प्रदेश को कर्ज महंगाई और कुव्यवस्था माफिया की ओर धकेलने का काम किया है, उस सब से जनता तंग है।
हिमाचल: टिप्पर ने बाइक को मारी टक्कर, पत्नी की गई जान-पति घायल
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी लगातार बढ़ी है। कर्मचारियों के मसले हल नहीं हुए, बल्कि कर्मचारियों पर मुकदमें दर्ज कर दिए गए। उन्होंने कहा कि केंद्र का डबल इंजन प्रदेश में काम नहीं कर पाया है, खराब रहा है, इसलिए प्रदेश की जनता ने इंजन को ही बदलने का काम किया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा के नेता मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखें, सपने देखना बुरी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें जनता के जनादेश पर यकीन है, जनता का जनादेश सर्वोपरि होगा और जनता का जनादेश साफ है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से आ रही है और भाजपा की विदाई जनता ने तय कर दी है।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपनी भाषा पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर चुनाव में भी तू तड़ाक के साथ हल्की टिप्पणियां करते रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कांग्रेस की अधिक चिंता हो रही है, इसलिए प्रदेश में जहां भी जा रहे हैं वहां कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों की बात कर रहे हैं। सीएम 8 तारीख को देख लें कि उनकी कैबिनेट के कितने मंत्री हारते हैं, उसी से उन्हें आभास हो जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल की जनता देश में नई क्रांति का जनादेश दे रही है और जो हमारी फीडबैक है, कार्यकर्ताओं व नेताओं से चर्चा हुई है, हम दावे के साथ ठोक बजाकर कर कह सकते हैं कि पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस सरकार बनाएगी।
क्या था मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने
सीएम जयराम ठाकुर ने धर्मशाला में भाजपा की बैठक के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में दावा किया है कि अभी तक के तमाम सर्वेक्षणों में भाजपा हिमाचल में फिर सरकार बना रही है। चुनाव नतीजों को चार दिन बचे हैं और हमें चुनाव नतीजों का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने यहा भी कहा कि कांग्रेस पार्टी में करीब 10 नेता मुख्यमंत्री के दावेदार बने हैं। आठ नेताओं की कुंडलिया भी मंगवा ली गई हैं। ये नेता अपनी सीट को बचाने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में अपने आप को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *