रेखा चंदेल/झंडूता। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला डाहड ने एक और उपलब्धि हासिल की है। स्कूल की छात्रा आयुषी कटोच, शीतल और शौर्य ने सैनिक स्कूल की परीक्षा को उत्तीर्ण करके अपनी पाठशाला का नाम रोशन किया है। छात्रों की उपलब्धि से स्कूल में जश्न का माहौल है।
स्कूल प्रबंधन समिति और स्कूल स्टाफ के द्वारा छात्रों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। डाहड स्कूल से हर वर्ष 2-3 छात्र सैनिक स्कूल या नवोदय स्कूल की परीक्षा को उत्तीर्ण करते हैं। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन चंदेल ने केंद्रीय मुख्य शिक्षक राजेंद्र पाल, स्कूल के स्टाफ, छात्रों और उनके अभिभावकों को बधाई दी है।
बता दें कि इन उपलब्धियों में जेबीटी अजय कहोत्रा की बड़ी भूमिका है। अजय कहोत्रा को 2025 में राज्य शिक्षक के पुरस्कार से नवाजा गया था। वह स्कूल की छुट्टी होने के बाद ओवरटाइम और छुट्टी वाले दिन भी छात्रों उक्त परीक्षाओं के लिए फ्री में कोचिंग देते हैं।