भवारना। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में भवारना पुलिस थाना क्षेत्र के तहत बाप-बेटी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।
यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ दरिंदगी की हदें पार करते हुए उसका यौन शोषण किया। इस अमानवीय कृत्य के कारण पीड़िता गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार यह मामला तब उजागर हुआ जब 23 अप्रैल को पीड़िता स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर सिविल अस्पताल पहुंची। वहां डॉक्टर ने जब उसका चेकअप किया तो पाया कि वह गर्भवती है। डॉक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत इस बारे में पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने अस्पताल से सूचना मिलते ही मामला दर्ज किया और पीड़िता के बयान लिए। पीड़िता ने अपने ही पिता पर शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया। बयानों के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया।
डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 29 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।