धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जून-2026 में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। बोर्ड द्वारा प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में 10 विषयों में शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई थी।
परीक्षा के लिए कुल 32,531 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जिनमें से 29,900 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 2,631 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में उपस्थित अभ्यर्थियों में से 6,744 अभ्यर्थी उत्तीर्ण तथा 23,154 अभ्यर्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए। इस प्रकार परीक्षा में उपस्थित अभ्यर्थियों के आधार पर कुल 22.56 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल रहे।
जून-2026 में बोर्ड द्वारा स्पेशल एजुकेटर TET (प्री-प्राइमरी से कक्षा V), स्पेशल एजुकेटर TET (कक्षा VI से XII), TGT Arts, TGT Medical, JBT, TGT Sanskrit, Punjabi, Urdu, TGT Non-Medical तथा TGT Hindi विषयों में परीक्षा आयोजित की गई।
स्पेशल एजुकेटर TET (कक्षा VI से XII) का परिणाम सभी विषयों में सर्वाधिक रहा। इस परीक्षा में 88 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें से 82 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार उत्तीर्ण प्रतिशत 93.18 प्रतिशत रहा। वहीं स्पेशल एजुकेटर TET (प्री-प्राइमरी से कक्षा V) में 320 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 136 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और परिणाम 42.50 प्रतिशत रहा।
JBT TET के लिए 8,925 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 8,374 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए। इनमें 4,369 अभ्यर्थी उत्तीर्ण तथा 4,005 अभ्यर्थी अनुत्तीर्ण रहे। JBT TET का उत्तीर्ण प्रतिशत 52.17 प्रतिशत रहा।
TGT Arts में 9,647 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 497 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और उत्तीर्ण प्रतिशत 5.15 प्रतिशत रहा।
TGT Medical में 3,020 अभ्यर्थियों में से 161 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए तथा परिणाम 5.33 प्रतिशत रहा।
TGT Sanskrit में 1,296 अभ्यर्थियों में से 205 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और उत्तीर्ण प्रतिशत 15.82 प्रतिशत रहा।
TGT Non-Medical में 5,067 अभ्यर्थियों में से 969 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए तथा परिणाम 19.14 प्रतिशत रहा।
TGT Hindi में 2,013 अभ्यर्थियों में से 314 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और उत्तीर्ण प्रतिशत 15.60 प्रतिशत रहा।
Punjabi TET में 71 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जिनमें से 9 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और परिणाम 12.68 प्रतिशत रहा।
Urdu TET में 4 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 2 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और परिणाम 50 प्रतिशत रहा।
परीक्षा के दौरान TGT Non-Medical विषय में अनुचित साधन (UMC) के दो मामले सामने आए। बोर्ड द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार संबंधित दोनों अभ्यर्थियों को एक वर्ष के लिए TGT Non-Medical की परीक्षा के लिए अयोग्य घोषित किया गया है।
परीक्षा के उपरांत बोर्ड द्वारा जारी Provisional Answer Key पर अभ्यर्थियों से आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। प्राप्त आपत्तियों का विषय विशेषज्ञों से परीक्षण करवाने के बाद नियमानुसार उनका निस्तारण किया गया तथा आवश्यक संशोधनों के उपरांत Final Answer Key तैयार की गई। इसी Final Answer Key के आधार पर टीईटी जून-2026 का परिणाम तैयार किया गया है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने टीईटी जून-2026 में सफल सभी अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। टीईटी जून-2026 का परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम Roll Number अथवा Application Number दर्ज करके प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा परिणाम एवं अन्य संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी देख सकते हैं।