अमरप्रीत सिंह/सोलन। वर्तमान समय में लोग मानसिक तनाव से ग्रस्त रहते हैं ऐसे में शुद्ध हवा और शांति के लिए बाहरी राज्यों के लोग हिमाचल की वादियों में घूमने के लिए आते हैं। अब हिमाचल में पर्यटकों को परम शांति मिलने वाली है क्योंकि निगम के होटलों में योग व मेडिटेशन सुविधा शुरू हो गई है।
सोलन के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बड़ोग में हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के होटल में योग व मेडिटेशन की सुविधा गुरुवार से आरंभ की गई है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ प्रवीण शर्मा ने इसका विधिवत शुभारंभ किया व उम्मीद जताई कि भविष्य में इस सुविधा से पर्यटक स्वास्थ्य लाभ लेकर घर लौटेंगे। पर्यटन निगम ने वेल्नेसतरू संस्था के साथ करार किया है जो कि प्रतिदिन यहां पर पर्यटकों योगा मेडिटेशन की बारीकियां बताएंगे।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के पाइनवुड होटल के प्रबंधक अनिल कपूर ने बताया कि अक्सर उनके पास वीकेंड पर भारी भीड़ होती है और रविवार को पर्यटक वापिस चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि निगम ने पर्यटकों को और अधिक होटलों में रोकने के लिए ये फैसला किया है और वेल्नेसतरू संस्था के साथ करार किया है जिसके विशेषज्ञ बेहद कम पैकेज में लोगों को योग और मेडिटेशन करवाएंगे। इससे पर्यटन निगम के होटल का कारोबार भी बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि निगम के उच्च अधिकारियों ने फैसला लिया है कि 6 माह के ट्रायल के बाद इसे पर्यटन निगम के सभी होटलों में इस सुविधा को शुरू किया जाएगा।
वहीं, वैल्नैस्तुरू संस्था की संयोजक डॉ आदिती गर्ग ने बताया कि हिमाचल की सुंदरता को निहारने लोग यहां आते है व शुद्ध वातावरण में अब उन्हें पर्यटन निगम के इस होटल में योग मेडिटेशन की सुविधा भी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जिस से एक और लोगों को मानसिक व स्वास्थ्य लाभ होगा, वहीं हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम का कारोबार भी बढ़ेगा। इसी उद्देश्य से उन्होंने पर्यटन निगम के साथ करार किया है।