मंडी। हिमाचल के मंडी जिला के एचआरटीसी सुंदरनगर डिपो में कार्यरत चालक बेली राम की चंडीगढ़ में हादसे में मौत हो गई है। बेली राम बल्ह उपमंडल के गांव बनौण डाकघर संध्याणि जिला मंडी के निवासी थे।
बता दें कि चालक बेली राम जंजैहली-मंडी से दिल्ली रूट पर बस लेकर निकले थे। दिल्ली से मंडी लौटते वक्त रात करीब 2 बजे चंडीगढ़ में पहुंचे। बेली राम ने चंडीगढ़ बस स्टैंड के काउंटर पर बस लगा दी।
इसके बाद वह सड़क से दूसरी तरफ जा रहे थे तो एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद परिचालक और अन्य लोगों ने चालक को निकटवर्ती अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टर ने बेली राम को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद चालक के परिजन और सुंदरनगर एचआरटीसी के कर्मचारी चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। उधर, चंडीगढ़ पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।