शिमला। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के आंधी तूफान और बारिश के ऑरेंज अलर्ट के बीच कांगड़ा में तूफान ने कहर बरपाया है। सोमवार सुबह करीब पांच बजे जोरदार तूफान के साथ बारिश हुई। तूफान से कुछ जगहों पर पेड़ गिरने की सूचना है। कांगड़ा जिला के बड़ोह में एक ट्रक पर बरगद का बड़ा पेड़ गिर गया। ट्रक पर पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कांगड़ा शहर और आसपास क्षेत्रों में तूफान से पेड़ गिरने से बिजली तारें टूट गईं। इसके कारण बिजली गुल हो गई। बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों ने सुबह 6 बजे ही मोर्चा संभाल लिया।
मंडी में भी तूफान ने कहर बरपाया। तूफान के चलते पार्क में पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में एक कार भी आ गई, जोकि बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। पेड़ गिरने से मंडी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली तारें भी टूटी हैं। सुंदरनगर के नरेश चौक में सड़क पर बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे ट्रैफिक जाम हो गई। पंड़ोह पंचायत के धड़ोल गांव में सीता राम नामक व्यक्ति के घर पर पेड़ गिर गया। रेलिंग और रसोईघर को नुकसान पहुंचा है। कोई जानी नुकसान नहीं है।
बता दें कि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 19 मई को मौसम खराब रहने को लेकर अलर्ट जारी किया था। 19 मई की अपडेट के अनुसार पिछले 24 घंटे में कांगड़ा, पालमपुर, जोत, भुंतर, कल्पा, मंडी और सुंदरनगर में तूफान ने कहर बरपाया है। कांगड़ा और जोत में ओलावृष्टि हुई है। रिकांगपिओ, हमीरपुर, नेरी, बिलासपुर, ताबो, कुफरी, सुंदरनगर, बिलासपुर औऱ हमीरपुर में तेज हवाएं चली हैं।
अपडेट के अनुसार 19 मई को ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज, आंधी तूफान और गरज के साथ बारिश व तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। 20 मई को भी आंधी तूफान और गरज के साथ बारिश व तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। इसके बाद 24 और 25 मई को आंधी तूफान और गरज के साथ बिजली बारिश को लेकर येलो अलर्ट है।
तापमान की बात करें तो हिमाचल में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक है। रविवार को ऊना का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला का 27, सुंदरनगर का 37, भुंतर का 36.3, धर्मशाला का 35, नाहन का 35.3, पालमपुर का 32, सोलन का 32.8, कांगड़ा का 37.8, मंडी का 35.8, बिलासपुर का 37.5, हमीरपुर का 36, चंबा का 32.9, धौलाकुआं का 35.3 और पांवटा साहिब का 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।