ऊना जिला के लालूवाल- पोलिया मार्ग पर हुआ हादसा
ऊना। हिमाचल में हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। हालांकि पुलिस प्रशासन का दावा है कि हादसों में कमी आई है। पर ऐसा होता दिख नहीं रहा है। हिमाचल के जिला ऊना में दो बाइक की टक्कर से महिला की मौत हो गई है। हादसा थाना हरोली के तहत लालूवाल- पोलिया मार्ग पर हुआ है। हादसे में दो घायल हुए हैं। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में घायल बाइक चालक व महिला की बेटी को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया है।
गौरतलब है कि टाहलीवाल निवासी विशाल अपनी बुआ वीना देवी व उसकी बेटी को छोड़ने उनके घर पोलियां जा रहा था। जब वह लालूवाल-पोलियां मार्ग पर जैजो के पास पहुंचा तो गलत दिशा से आ रही एक बाइक के साथ उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वीना देवी की मौत हो गई। विशाल व महिला की बेटी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।