शिमला। शिवरात्रि का महापर्व पूरे प्रदेश में आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। शिमला सहित पूरे हिमाचल में शिवालयों को फूलों से भव्य तरीके से सजाया गया है। लोग भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए मंदिर पहुंचे। शिवालयों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। मिडल बाजार में प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धालु फल, फूल, बेलपत्र, दूध और पंचामृत से रुद्राभिषेक करने पहुंचे।
शिव मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बताया कि वैसे तो हर रोज भोलेनाथ की पूजा अर्चना की जाती है, लेकिन आज का विशेष महत्व होता है। कहा जाता है कि आज महादेव और मां पार्वती शादी के पवित्र बंधन में बंधे थे। आज भोलेनाथ शीघ्र भक्तों प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाओं को पूर्ण करते हैं।
मिडल बाजार शिमला शिवालय के पुजारी वासुदेव शर्मा ने बताया कि शिव पुराण के अनुसार शिवरात्रि व्रत का पालन करने से भोग और मोक्ष दोनों प्राप्त होते हैं। ब्रह्मा, विष्णु और पार्वती के पूछने पर भगवान शिव ने बताया था कि शिवरात्रि का व्रत करने से व्यक्ति को महान पुण्य की प्राप्ति होती है।
उन्होंने बताया कि वैसे तो महादेव जल के एक लोटे से प्रसन्न हो जाते हैं, लेकिन बेलपत्र, बेर, फल, फूल से पूजा अर्चना की मान्यता है। शिवरात्रि के दिन की गई पूजा और अर्चना से महादेव जल्द प्रसन्न होकर मनवांछित फल प्रदान करते हैं।
उधर, कांगड़ा जिला में शिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। कांगड़ा जिला के ज्वालामुखी के निकट क्षेत्र खोलियां में भी श्रद्धालु मंदिरों में पूजा अर्चना पहुंचे।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने मुख्यातिथि के रूप में की शिरकत
ऋषि महाजन/इंदौरा। प्राचीन एवं ऐतिहासिक शिव मंदिर काठगढ़ का तीन दिवसीय जिला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव शुक्रवार को भव्य शोभा यात्रा व मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि मेले और त्यौहार हमारी आस्था और विश्वास के प्रतीक हैं, जो हमें अपने पूर्वजों से विरासत में मिले हैं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का महात्म्य किसी न किसी देवी- देवता के नाम से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने सभी शिव भक्तों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्राचीन एवं ऐतिहासिक मंदिर का जहां सदियों पुराना इतिहास है वहीं यहां के महाशिवरात्रि उत्सव का अपना अलग महत्व है। उन्होंने कहा कि उनकी इस मंदिर के प्रति अटूट आस्था है।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि के लिए उन्होंने अपने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री के कार्यकाल में ज्वाली तथा इंदौरा क्षेत्रों में सिद्धाथा तथा शाह नहर का निर्माण करवाया था, लेकिन आज भी कई क्षेत्रों में किसानों के खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए वे प्रयासरत हैं। इसके अतिरिक्त शाह नहर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए जल शक्ति विभाग को आकलन तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।
इससे पहले, उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की तथा भव्य शोभा यात्रा में भाग लिया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कृषि मंत्री ने मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित करवाई गई मेधावी छात्रवृति परीक्षा के विजेताओं को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश कटोच ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अशोक रतन, कृषि मंत्री की पत्नी कृष्णा चौधरी, ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया, शिव मंदिर कमेटी के प्रधान ओम प्रकाश कटोच, मंदिर के मुख्य पुजारी महंत काली दास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मदन कांत, मेला अधिकारी एवं तहसीलदार विनोद कुमार टंडन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल किशोर, मंदिर कमेटी के उप प्रधान अजीत सिंह, महासचिव सुभाष शर्मा, प्रेस सचिव सुरेंद्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।