बता दें कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट ( SET- 2023) का शेड्यूल जारी कर दिया है। स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट 28 अप्रैल, 2024 रविवार को निर्धारित किया गया है।
अभ्यर्थी को सुबह 10 बजे परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा। पेपर-1 सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगा। पेपर-2 दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक चलेगा। दूसरे पेपर के लिए 1.30 बजे तक परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा।
किसी भी तरह की जानकारी के लिए टेलिफोन नंबर 0177-2624313\2629739 या टोल फ्री नंबर 1800-180-8004 पर संपर्क कर सकते हैं।
इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना के तहत मिलने हैं पैसे
शिमला। हिमाचल में 18 साल से 59 तक की महिलाओं को 1500 रुपए सम्मान निधि को लेकर इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना शुरू की है। योजना को लेकर लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है, लेकिन लोकसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग की तरफ से फॉर्म जमा करवाने पर रोक लगाई गई है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें चल रही हैं जिसमें कहा जा रहा है कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना के लिए फॉर्म जमा करवाने का काम फिर से शुरू हो गया है।
ये खबर सामने आने के बाद से महिलाओं में फिर संशय पैदा हो गया है कि फॉर्म जमा करवाएं या नहीं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना के फॉर्म अभी जमा नहीं होंगे। फिलहाल ऐसे कोई निर्देश जिला कल्याण विभाग को नहीं मिले हैं।
हमीरपुर जिला कल्याण अधिकारी और कांगड़ा जिला कल्याण अधिकारी का कार्यभार देख रहीं गीता मरवाहा ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उन्हें चुनाव आयोग की तरफ से फॉर्म जमा करवाने को लेकर किसी तरह के निर्देश नहीं आए हैं।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में गुरुवार से पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय हो रहा है। इसके चलते मौसम खराब रहेगा और अगले छह दिन तक पहाड़ों पर बारिश होगी। इस दौरान अधिक ऊंचाई वाले कुछेक क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी हो सकता है।
मौसम विभाग ने आज और कल के लिए आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद प्रदेश के मैदानी हिस्सों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में आज भी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। कल यानी शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर भागों में बारिश होने का पूर्वानुमान है।
20 अप्रैल के लिए आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से बारिश के बाद तापमान में कमी दर्ज की जाएगी।
शिमला। हिमाचल की राजधानी शिमला में खलीनी के झंझीड़ी में बुधवार रात कुछ शरारती तत्वों ने सड़क किनारे खड़ी आधा दर्जन गाड़ियों में तोड़फोड़ की है। इस वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया इसका कोई पता नहीं चला है।
ये गाड़ियां सड़क किनारे पार्क की गई थीं। गुरुवार सुबह जब लोगों ने देखा तो किसी के शीशे टूटे थे, किसी की लाइटें और किसी गाड़ी पर स्क्रैच थे। लोगों ने इसकी सूचना खलीनी के पार्षद चमन लाल को दी।
सूचना मिलते ही खलीनी के पार्षद चमन लाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने शिमला थाने में सुबह 7 बजे सूचना दे दी थी, लेकिन पुलिस दोपहर तक भी मौके पर नहीं पहुंची।
पार्षद चमन लाल व लोगों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इस तरीके की वारदातें बढ़ गई हैं।
यहां पर चौकी की डिमांड वह काफी समय से कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए दो कमरे भी पुलिस विभाग को सौंप दिए हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन आगे कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
इस इलाके में ट्रैफिक की भी दिक्कत है और नशेड़ियों ने भी अड्डा बनाया हुआ है। यहां पर छुटपुट वारदातें होती रहती हैं। ऐसे में चौकी की जरूरत और बढ़ गई है।
शिमला। हिमाचल में 18 और 19 अप्रैल, 2024 के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। अलग अलग स्थानों पर आंधी, तूफान, बिजली गिरने, तेज हवाएं (गस्टी हवाएं) चलने के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। वहीं, 20 और 21 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर आंधी, तूफान और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की अपडेट के अनुसार कल यानी 18 अप्रैल से 23 अप्रैल तक मौसम खराब रहने की संभावना है। इसमें दो दिन ऑरेंज और दो दिन येलो अलर्ट जारी है।
हिमाचल में पिछले 24 घंटे में अलग अलग स्थानों पर हल्की बारिश हुई है। नारकंडा, मंडी, कल्पा, सांगला, केलांग, रिकांगपिओ, कुफरी, सुंदरनगर, मशोबरा आदि में बारिश दर्ज की है। प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहे हैं।
शिमला। राजधानी शिमला के राममंदिर में प्रभु श्री राम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। हर वर्ष चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को रामनवमी का त्योहार मनाया जाता है।
राजधानी शिमला स्थित राम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन के साथ ही आज रामचरितमानस का पाठ भी संपन्न हुआ।
शिमला। हिमाचल प्रदेश में चार लोकसभा और छह उपचुनावों को लेकर भाजपा और कांग्रेस में सियासी वार पलटवार जारी है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश कांग्रेस पर पलटवार किया है। जयराम ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस अस्थिरता के कारण बौखलाहट में है।
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार नहीं रहेगी। इस दौरान जयराम ठाकुर ने सिलसिलेवार तरीके से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं पर पलटवार किया।
इस दौरान जयराम ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर महिलाओं को जून में एकमुश्त 3000 रुपए की राशि देने के बयान को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया है।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सुक्खू समेत कांग्रेस पर पलटवार किया। नेता प्रतिपक्ष ने निशाना साधते हुए कहा कि बीते घटनाक्रम के बाद हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस बौखलाहट में है।
उन्होंने कहा कि बार-बार भाजपा पर सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि सरकार की अस्थिरता का कारण उनके खुद के नेता हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। पार्टी हाई कमान के साथ कांग्रेस नेताओं की भी यही चर्चा हुई है।
मुख्यमंत्री के दाएं और बाएं बैठे हुए नेताओं को भी यही आश्वासन पार्टी हाई कमान की ओर से दिया गया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद यह सरकार प्रदेश में बनी नहीं रहेगी। चारों सीटों पर भाजपा की जीत हो रही है।
वहीं, इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने सिलसिलेवार तरीके से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री पर निशाना साधा। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति से मुख्यमंत्री विचलित हो गए हैं।
चुनाव के समय में घोषणा कर रहे हैं जो की साफ तौर पर आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 1500 देने की घोषणा सरकार ने की लेकिन 15 महीने में यह घोषणा पूरी नहीं हुई।
अब चुनाव के समय में कांग्रेस को उसकी याद आई है, वहीं इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भी निशाने पर लिया।
मुकेश अग्निहोत्री पर निशाना चाहते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि बार-बार सरकार को स्थिर बताने की आखिर आवश्यकता क्या है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भी कहा जा रहा था कि परिणाम उनके पक्ष में होगा लेकिन परिणाम सबने देखा।
जयराम ने कहा कि उन पर इल्जाम लगाया जा रहा है कि वह सरकार को अस्थिर करने का काम कर रहे हैं, लेकिन सरकार की स्थिरता के पीछे उनके अपने लोग हैं। इस दौरान जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास चुनावी मैदान में उतरने के लिए कोई तैयार नहीं है।
उन्होंने तंज करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चुनाव से पहले कांग्रेस प्रत्याशी तय कर देगी, वहीं उप मुख्यमंत्री को जवाब देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वह नींद में भी सपने नहीं देखते दिन की बात तो दूर। मुकेश अग्निहोत्री ने जयराम ठाकुर पर निशाना साधते को कहा था कि नेता प्रतिपक्ष दिन में सपने देख रहे हैं।
पालमपुर। अग्निवीर ऑनलाइन लिखित परीक्षा के लिए कांगड़ा और चंबा जिला के उम्मीदवारों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।
कांगड़ा और चंबा जिला के अग्निवीर आवेदकों की प्रथम चरण ऑनलाइन लिखित परीक्षा 22 अप्रैल, 2024 से शुरू होगी। सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) के भर्ती निदेशक कर्नल मनीष शर्मा (सेना मेडल) ने ये जानकारी दी है।
जिन अभ्यर्थियों का आवेदन असफल पंजीकृत हुआ है और किसी तकनीकी कारण से प्रवेश पत्र प्राप्त नहीं हुआ है वे सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) में ऑनलाइन लिखित परीक्षा से 3-4 दिन पहले निजी तौर पर संपर्क कर सकते हैं।
अभ्यर्थी यह भी ध्यान दें कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र में दिए हुए तिथि, स्थान व समय पर पहुंचे अन्यथा प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ब्लूटूथ, लैपटॉप, मोबाइल फोन लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कर्नल मनीष शर्मा (सेना मेडल) ने यह भी बताया कि सेना भर्ती प्रक्रिया कम्प्यूटरीकृत, निष्पक्ष और पारदर्शी हैं। आवेदक किसी भी दलाल से संपर्क न करें, वह भर्ती प्रक्रिया में आपको मदद नहीं कर सकते।
दाड़ी शिल्ला चौक में किराए के कमरे में रहती थी युवती
धर्मशाला। कांगड़ा जिला में पुलिस थाना धर्मशाला के तहत शिमला के रोहड़ू की 25 वर्षीय युवती ने खौफनाक कदम उठाया है।
बीएड कॉलेज धर्मशाला की छात्रा के शिल्ला चौक में फंदा लगा कर खुदकुशी कर ली। छात्रा दाड़ी शिल्ला चौक में ही एक किराए के कमरे में रहती थी यहीं पर उसने ये कदम उठाया।
पुलिस टीम धर्मशाला एसएचओ सहित व फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने छात्रा के परिजनों को भी सूचित कर दिया है, जो कि शिमला के रोहड़ू से धर्मशाला पहुंच गए हैं।
छात्रा गांव बराड़ा डाकघर अरल, तहसील रोहडू जिला शिमला की निवासी थी। एसपी कांगड़ा आईपीएस शालिनी अग्रिहोत्री ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि धर्मशाला बीएड कॉलेज की छात्रा की मौत का मामला सामने आया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत हिमाचल की हर महिला को 1500-1500 रुपये देने की गारंटी कांग्रेस ने दी है।
पार्टी ने प्रदेश की महिलाओं से वादा किया था कि पहली अप्रैल से ही उन्हें यह राशि जारी की जाएगी। कांग्रेस वादे पर कायम है और यदि इसकी अनुमति नहीं मिली तो जून में दो माह की किस्त के तीन हजार रुपए एक साथ जारी किए जाएंगे।
पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेता पहले कांग्रेस से पूछते थे कि कब इस गारंटी को पूरा किया जाएगा। कांग्रेस ने इसके लिए फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया शुरू की तो भाजपा नेता चुनाव विभाग के पास इसकी शिकायत करने पहुंच गए, जबकि यह योजना पहले से चल रही है।
लाहौल-स्पीति में महिलाओं को फरवरी से यह राशि मिलना शुरू हो चुकी है। अन्य जिलों में पहली अप्रैल से इसे देने की स्वीकृति मंत्रिमंडल ने दी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं फार्म भरकर कार्यालय में जमा करवाएं।
यदि कर्मचारी व अधिकारी फार्म न लें तो कांग्रेस विधायकों के पास जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि पीएम किसान निधि योजना की किस्त जारी की जा सकती है तो महिलाओं को क्यों जारी नहीं करने दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर प्रचार कर रहे हैं कि चार जून को प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्हें कंगना रनौत से कहलवाना पड़ रहा है कि जयराम मुख्यमंत्री बनेंगे।
उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को दिन में सपने देखने की बीमारी हो चुकी है, जिसका इलाज वैज्ञानिक ढूंढ रहे हैं। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इधर-उधर की बातें कर जनता को गुमराह कर रही है। कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह व विनोद सुल्तानपुरी पढ़े लिखे हैं और वे मुद्दों पर बात कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली जून को प्रदेश की जनता बिकने और खरीदने वालों को सबक सिखाएगी। जो बिकाऊ है वह जनता का सेवक नहीं हो सकता। जब कांग्रेस सरकार सत्ता में आई थी तो खजाना खाली था लेकिन फिर भी विकास नहीं रुकने दिया।
सरकार ने आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए 4500 करोड़ रुपए का आपदा राहत पैकेज लाया। केंद्र सरकार ने हिमाचल की कोई सहायता नहीं की। प्रदेश की जनता ने 200 करोड़ रुपये दान दिए हैं।