संगड़ाह। हिमाचल के सिरमौर जिला में कार के खाई में गिरने से युवक और युवती की मौत हो गई है। हादसा संगड़ाह उपमंडल के ददाहू-हरिपुरधार मार्ग पर कालथ मंदिर के पास हुआ है। युवती संगड़ाह कॉलेज में पढ़ती थी।
राजगढ़। सिरमौर जिला में खैरी-लानाचेता मार्ग पर पबौर के पास हुए सड़क हादसे में एक परिवार ही के चार लोगों की जान चली गई। उपमंडल राजगढ़ की तीन पंचायतों में मातम छाया हुआ है।
हादसे में मां-बाप, बेटी और मामा की मौत हुई है। मंगलवार को दाहन पंचायत के रूग में दंपती की एक साथ चिता जली तो भूइरा पंचायत के थनोगा में उनकी बेटी रेखा और बोहल टालिया पंचायत के फग्गू में उनके रिश्तेदार कमलराज की चिता जली। इस घटना से समूचे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मंगलवार शाम तीन पंचायतों में चार लोगों की चिताएं चलीं तो माहौल गमगीन हो गया। राजगढ़ तहसील की पंचायत दाहन के गांव रूग के जीवन सिंह और उनकी पत्नी सुमा देवी का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। दंपती ने सात फेरों का वचन अंतिम सांस तक निभाया और चिता में भी अंतिम साथ दिया।
पिता के बाद दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया
जीवन सिंह कुछ साल पहले लोक निर्माण विभाग से बेलदार सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने अपनी बेटी रेखा का विवाह भूइरा पंचायत के थनोगा में करवाया था। रेखा के पति का भी देहांत हो चुका है। इसके बाद उनकी बेटी मायके में अपनी 8 वर्षीय बेटी अनामिका और पांच साल के ईशांत के साथ रह रही थी। बच्चों के सिर से पहले ही पिता का साया उठ गया था और अब मां भी दुनिया में नहीं रही। अब बच्चों की सारी जिम्मेदारी उनके मामा बलदेव समेत उनके परिवार पर आ गई है।
दूसरी तरफ बोहल टालिया पंचायत के फग्गू में भी माहौल गमगीन है। रिश्ते में जीवन सिंह के सगे साले यानी रेखा के मामा 40 वर्षीय कमलराज की भी हादसे में मौत हो गई।
बता दें कि सिरमौर जिला में पुलिस स्टेशन संगड़ाह के तहत खैरी-लानाचेता मार्ग पर पबौर के पास मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में चार लोगों कमल राज (40), जीवन सिंह (63) व सुमा देवी (54) पत्नी जीवन सिंह निवासी गांव फग्गू दाहन राजगढ़ व जीवन सिंह की बेटी रेखा (25) निवासी थनोगा राजगढ़ की मौके पर मौत हो गई। रेखा विधवा थीं। कमल राज सुमा देवी का भाई था।
यह लोग लानाचेता में अपने रिश्तेदार के घर गए थे और वापस दाहन लौट रहे थे। सूचना मिलने पर संगड़ाह पुलिस स्टेशन की टीम ने हैड कांस्टेबल कुश शर्मा की अगुवाई में मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही के चलते हादसा हुआ।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी दुर्घटना में चार व्यक्तियों के निधन पर शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। विधायक रीना कश्यप ने भी हादसे को लेकर शोक प्रकट किया है।
संपर्क मार्ग का एस्टीमेट बनाने के एवज में मांगे थे पैसे
संगड़ाह। सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह में मंगलवार को एक जेई रिश्वत लेते धरा है। विजिलेंस की टीम ने जेई को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार आरोपी जेई प्रदीप शर्मा ने शिकायतकर्ता से संपर्क मार्ग का एस्टीमेट बनाने के बदले में रिश्वत की मांग की थी।
ग्राम पंचायत संगड़ाह के तहत खारदिया मोड़ से पालर खड्ड तक सड़क के लिए राशि स्वीकृत हुई थी। इसका एस्टीमेट बनाया जाना था, लेकिन जेई की ओर से इसका काम लटकाया जा रहा था। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत विजिलेंस से की। इसके बाद विजिलेंस की टीम ने मंगलवार को छापा मारा और आरोपी को 10,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक विजिलेंस अंजुम आरा ने की।