-
Himachal Latest
-
Trending News
नालागढ़। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में दर्दनाक हादसा पेश आया है। एक घर में आग लगने से 3 साल के बच्चे की मौत हो गई है। माता-पिता झुलस गए हैं। पिता पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किए गए हैं।
माता को भी मामूली चोटें लगी हैं। गांववासियों ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। हादसा सोमवार देररात का बताया जा रहा है।
बता दें कि सोलन जिले के नालागढ़ के दभोटा पंचायत की हरिजन बस्ती में आग लगने का मामला सामने आया है। आग रमेश कुमार पुत्र प्यारा सिंह के मकान में लगी है। उसका बेटा सतनाम सिंह अपनी पत्नी पूजा व 3 साल के बेटे बिहान के साथ कमरे में सोया हुआ था।
धमाके के साथ अचानक कमरे में आग लग गई। नींद में सतनाम और उसकी पत्नी का दम घुटने लगा। तब उन्हें पता चला कि आग लग गई है। उन्होंने सहायता के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हुए। लोगों ने कुल्हाड़ी से दरवाजे को काटा। इसके बाद पति और पत्नी को बाहर निकाला। इस दौरान 3 साल का बिहान बुरी तरह झुलस गया था।
सतनाम और बिहान को पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया, लेकिन बिहान ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पत्नी को भरतगढ़ अस्पताल भेज दिया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
आग लगने के कारणों को अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पर ग्रामीणों के अनुसार बिजली बोर्ड ने उनका बिजली का कनेक्शन काट दिया था। बिजली न होने के चलते इन्होंने मोमबत्ती जलाई थी। मोमबत्ती फ्रिज पर रखी थी। दोनों मोमबत्ती को बुझाए बिना ही सो गए।
मोमबत्ती से फ्रिज के कवर में आग लगी और इसके बाद पूरे कमरे में फैल गई। परिवार को बाकी सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। आग लगने से घर में रखा सारा सामान राख हो गया है।
लोगों का कहना है कि रमेश कुमार गरीब परिवार से संबंध रखते हैं। रमेश कुमार और सतनाम किसी की गाड़ी चलाते हैं। इनका सारा सामान जलकर राख हो गया है। प्रशासन इनकी यथासंभव सहायता करे। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस स्टेशन नालागढ़ से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
नालागढ़। हिमाचल के पुलिस जिला बद्दी के तहत नालागढ़ में मेडिकल डिवाइस पार्क में काम को लेकर मुंशी से मारपीट मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को पंजाब से धरा। हालांकि, फायरिंग की बात की जा रही है। पर पुलिस जिला बद्दी एसपी मोहित चावला ने प्रारंभिक जांच में फायरिंग किए जाने की बात से मना किया है।
बता दें कि नालागढ़ क्षेत्र में मेडिकल डिवाइस पार्क का काम चला है। राजेंद्र उर्फ जिंदू निवासी वरूणा, बाल कृष्ण निवासी कालीबाड़ी और मेजर सिंह निवासी किरतपुर पंजाब डिवाइस पार्क की निर्माणाधीन साइट पर पहुंचे और काम को लेकर सब कॉन्ट्रेक्टर से बात करने लगे।
नौबत बहसबाजी की आ गई। इसी दौरान तीनों ने मुंशी गुरमीत पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। मुंशी के मुंह में चोट आई, उसे अस्पताल ले जाया गया।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और वाहन सहित आरोपियों को पंजाब से दबोच लिया। तीनों आरोपियों के खिलाफ 5-5 आपराधिक मामले पहले भी दर्ज हैं।
वहीं, कथित रूप से फायरिंग होने की बात भी की जा रही है। पर पुलिस की प्रारंभिक जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।
पुलिस जिला बद्दी एसपी मोहित चावला ने मुंशी से मारपीट मामले के तीन आरोपियों के गिरफ्तार होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी मेडिकल डिवाइस पार्क साइट पर ट्रक आदि कुछ लगवाना चाहते थे। इसको लेकर बहसबाजी के बाद बात मारपीट तक पहुंची। प्रारंभिक जांच में फायरिंग होने की बात सामने नहीं आई है। इस बात को वेरिफाई किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि मेडिकल डिवाइस पार्क का काम जोर शोर से चला है। इसके चलते यहां अस्थाई पुलिस पोस्ट स्थापित करने का आग्रह सरकार से किया जाएगा। साथ ही यहां बाड़बंदी भी होना जरूरी है।
उधर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नालागढ़ के मेडिकल डिवाइस पार्क में गाड़ी लगाने को लेकर हुए मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया पूरी तरह से हावी है। इस तरह की घटनाएं प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को प्रभावित करेंगी और प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को भी समाप्त कर देंगी। प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र में आए दिन इस तरह की वर्चस्व की लड़ाई देखने को मिल रही हैं। माफिया की इस तरह के मनोबल का क्या कारण हैं। उन्हें कौन शह दे रहा है। मुख्यमंत्री को यह पता होना चाहिए। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से प्रदेश में पनप रहे इस तरह के संगठित माफिया राज के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर से कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
नालागढ़। हिमाचल के पुलिस जिला बद्दी के पुलिस थाना नालागढ़ के तहत बाइक सवार पर हमले का मामला सामने आया है। कार सवार लोगों ने बाइक सवार पर गोलियां दागी और हथौड़े से भी हमला किया। व्यक्ति को नालागढ़ ले जाया गया। जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया।
बता दें कि नंदलाल अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर राजमहल के रास्ते जा रहे थे। नालागढ़ के वार्ड नंबर सात रामशहर मार्ग पर बाइक को कार से टक्कर मारी। इसके बाद कार सवारों ने नंद लाल पर हमला कर दिया। कार सवारों ने गोलियां भी दागी। फिर हथौड़े से हमला किया। नंद लाल को दो गोलियां लगने की बात बताई जा रही है। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। नंदलाल को घायल व्यवस्था में नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर नालागढ़ पुलिस स्टेशन से टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर बुलाई गई। एसपी पुलिस जिला बद्दी मोहित चावला भी मौके पर पहुंचे। मीडिया को जानकारी देते एसपी मोहित चावला ने बताया कि मौके से हथौड़ा बरामद हुआ है। पुरानी रंजिश का मामला बताया जा रहा है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।
बता दें कि कुछ दिन पहले नालागढ़ में पंजाब के दो सगे भाईयों की भी गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में आरोपी गिरफ्त में हैं।
नालागढ़। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के नालागढ़ में दरगाह के पास दो सगे भाईयों की हत्या का मामला सामने आया है। नालागढ़-रामशहर मार्ग पर इस सनसनीखेज वारदात को गुरुवार शाम करीब 6 बजे अंजाम दिया गया। वारदात के दौरान HRTC की एक बस वहां गुजरी।
यात्रियों ने ही पुलिस को इस बारे में सूचना दी। दोनों भाईयों पर तलवार से हमला किया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
मृतकों की पहचान वरुण बावा व कुणाल बावा निवासी गांव खीबा, तहसील नकोदर, जालंधर (पंजाब) के तौर पर की गई है। इनकी उम्र 20 से 22 साल के बीच थी। जानकारी के मुताबिक वरुण व कुणाल नालागढ़ में मामा के घर रोजगार के सिलसिले में आए हुए थे।
हत्या की वजह पैसे का लेन-देन बताई जा रही है। हत्यारे बाइक पर सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गए। आरोपी युवक भी दोनों युवकों के गांव के हैं और दोस्त हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश को टीमें गठित कर छापामारी शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में ये सामने आ रहा है कि मामूली झड़प खूनी वारदात में बदल गई। आरोपी हथियार से लैस होकर आए थे। बद्दी के पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी ने बताया कि पैसे के लेन-देन को लेकर ही वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों द्वारा दोनों भाईयों को अलग-अलग जगहों पर बुलाया जा रहा था।
आखिर में वे नालागढ़ में दरगाह के नजदीक मिलने को राजी हुए थे। वारदात के कुछ देर बाद ही पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी का जाल बिछा दिया है।
सोलन। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। जिला सोलन के नालागढ़ में ITC डॉन बोस्को सोसाइटी सेंटर द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जिला भर की नामी कंपनियां रोजगार मेले में योग्य उम्मीदवारों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन करेंगी।
18 मार्च को नालागढ़ के ‘हैरिसन होटल’ में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेले में साक्षात्कार सुबह 10:00 बजे से शुरू होंगे। इन कंपनियों में विभिन्न पदों पर नियुक्ति होगी। रोजगार मेले में डिप्लोमा, आईटीआई, नॉन आईटीआई, जमा दो, दसवीं और आठवीं पास युवक-युवतियों को उनकी प्रतिभा के अनुसार रोजगार दिया जाएगा।
कसौली-परवाणू लिंक रोड पर खाई में गिरी कार
सोलन। हिमाचल के सोलन जिला में हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई है। एक युवक हरियाणा के कुरुक्षेत्र तो दो नालागढ़ के रहने वाले थे। हादसा कसौली-परवाणू लिंक रोड पर जंगेशु गांव के पास आज अलसुबह हुआ है।
बता दें कि कार में सवार होकर तीन युवक सूरज ठाकुर पुत्र राजेंद्र ठाकुर निवासी गांव अभीरपुर नालागढ़ सोलन, शुभम निवासी नालागढ़ और संगम निवासी कुरुक्षेत्र कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे। जंगेशु के पास चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना कसौली पुलिस स्टेशन को करीब साढ़े 6 बजे मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई थी। हादसा स्थल पर मिले मोबाइल से युवकों की पहचान हो सकी। पुलिस ने युवकों के परिजनों को सूचित कर दिया है।
वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार हादसे में तीन युवकों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर युवकों की आत्मा को शांति और परिजनों को इस दारुण दुख को सहने की हिम्मत दे और लोकल प्रशासन पीड़ितों के परिजनों को हर संभव सहायता मुहैया करवाए।
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को आज केकेके हरित सौर ऊर्जा उत्पादक नालागढ़, जिला सोलन के अध्यक्ष केके कश्यप द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 1,01000 रुपये का चेक भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने इस परोपकारी कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि संकट के समय यह राशि जरूरतमंदों को वित्तीय सहायता प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।