Categories
Top News Himachal Latest Shimla State News

हिमाचल के गवर्नर बदले : दत्तात्रेय को भेजा हरियाणा, राजेंद्रन विश्वनाथ को सौंपी जिम्मेदारी

राष्ट्रपति कोविंद ने हिमाचल सहित 8 राज्यों में नए गवर्नर नियुक्त किए

नई दिल्ली। केंद्र सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले हिमाचल सहित 8 राज्यों के गर्वनर बदले गए हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राजेंद्रन विश्वनाथ अर्लेकर को हिमाचल का नया गवर्नर नियुक्त किया है। इसी के साथ हिमाचल के गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय को हरियाणा का गवर्नर नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति ने आज हिमाचल सहित 8 राज्यों में नए गवर्नर नियुक्त किए हैं। मोदी कैबिनेट में शामिल सामाजिक न्याय मंत्री थावर चंद गहलोत को कर्नाटक का गवर्नर बनाया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश में मंगूभाई पटेल, गोवा में पीएस श्रीधरन पिल्लई, राजस्थान में रमेश बैस, त्रिपुरा में सत्यदेव नारायण आर्य और मिजोरम में हरी बाबू कम्भमपति को राज्यपाल बनाया गया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री बंडारू दत्तात्रेय पहली बार 1991 में दसवीं लोकसभा के लिए चुने गए थे. साल 1998 में वह दूसरी बार चुनाव जीते और वाजपेयी सरकार में शहरी विकास मंत्री बनाए गए। इसके बाद 1999 में फिर से वह जीत हासिल कर संसद पहुंच और केंद्रीय रेल राज्यमंत्री बने। इसके बाद साल 2014 में वह अपनी सिकंदराबाद सीट से चुनाव जीते और मोदी सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री श्रम एवं रोजगार (स्वतंत्र प्रभार) बनाए गए. हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा ने टिकट नहीं दिया था। बंडारू दत्तात्रेय ने 2019 में सितंबर में हिमाचल के 27वें राज्यपाल के तौर पर शपथ ली थी।

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए facebook page like करें 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *